दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक दलित वर्ग के दिव्यांग युवक के साथ मारपीट की गई। कथित उच्च जाति दबंगों ने दिव्यांग युवक को सिर्फ इसलिए पीटा क्योंकि वह अपने विवाह समारोह में घोड़ी पर बैठा था। इतना ही नहीं बीच-बचाव करने आए घरवालों से भी मारपीट की गई।
मामला हटा थाना इलाके के बिजोरी पाठक गांव में मंगलवार शाम का है। इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बिजोरी पाठक गांव के रहने वाले गोलू अहिरवार (23) की बारात छतरपुर के बूढ़ी सेमरा गांव जानी थी। मंगलवार शाम करीब 5 बजे उसकी रछवाई निकल रही थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले घुप्पू लोधी, विश्वनाथ लोधी, विछु लोधी और चिन्नू लोधी ने गोलू के घोड़ी चढ़ने पर ऐतराज जताया और जातिसूचक गालियां दीं।
गोलू के परिजन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे घोड़ी से खींचकर नीचे गिरा दिया और फिर मारपीट शुरू कर दी। उसे बचाने आई बहन मनीषा के साथ भी मारपीट की गई। वारदात के बाद दलित समाज के लोग दूल्हे को लेकर हटा थाने पहुंचे। उनकी शिकायत पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। गांव में पुलिस बल तैनात करने के बाद ही बारात निकाली जा सकी।
गोलू की मां विद्या अहिरवार ने कहा कि लोधी समाज के लोगों ने रछवाई निकालने से मना किया। हमने कहा कि आज बारात जानी है। घोड़ी चढ़े बिना रस्म कैसे पूरी होगी? इस पर आरोपियों ने मारपीट कर दी। बेटी मनीषा को भी मारा। उसके सोने के कुछ जेवर भी मारपीट के दौरान गायब हो गए।
घटना को लेकर हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि गोलू के चाचा गरीबा अहिरवार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनके जल्द पकड़ लिया जाएगा। गांव में पुलिस तैनात की गई है ताकि विवाह शांतिपूर्वर संपन्न कराया जा सके।