भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के बाद एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ता आत्मविश्वास से लबरेज हैं, वहीं भाजपा खेमे में भगदड़ जारी है। प्रताशियों की सूची पर पीसीसी चीफ कमलनाथ की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने इसे भविष्य-निर्माताओं की सूची करार दिया है।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस ने प्रत्याशियों की नहीं, मप्र के भविष्य-निर्माताओं की सूची जारी की है। इस सूची से मप्र की जनता को सकारात्मक रूप से ये सूचित किया गया है कि जिनमें निःस्वार्थ भाव से जनसेवा का व्रत लेने का संकल्प है, उन्हें ही जनता का प्रतिनिधित्व करने के लिए आम जनता व कार्यकर्ताओं के कहने पर ये अवसर दिया गया है।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'कांग्रेस की लिस्ट इस मायने में भाजपा से अलग है कि कांग्रेस की लिस्ट लोकतांत्रिक है क्योंकि ये संगठन के अंतिम पायदान तक के कार्यकर्ता की सलाह को सम्मान देते हुए बनी है। इसकी दिशा लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप नीचे-से-ऊपर की ओर है। जबकि भाजपा की लिस्ट ऊपर-से-नीचे थोपी गयी है। ये एकाधिकारिता के अहंकार से चुनाव लड़ने का आदेश है और भाजपा के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का अपमान, इन अर्थों में भाजपा की सूची अलोकतांत्रिक है।'

कमलनाथ में दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के कांग्रेस जनता की सरकार बनाने जा रही है। बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होना है और 3 दिसंबर को मतगणना होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 150 से अधिक सीट प्राप्त होगी। कांग्रेस का टिकट वितरण इस दिशा में बढ़ाया गया पहला कदम माना जा रहा है।