मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा गांव में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। साथ ही पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार भी किया है। आरोपी जबलपुर के रहने वाले हैं और मंडला में किराए का मकान लेकर सट्टा चला रहे थे। प्रारंभिक जांच में करीब 40 लाख रुपए के ऑनलाइन सट्टे का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई थी। जिले में आईपीएल सट्टा गिरोहों पर नजर रखने के निर्देश के बीच कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटरा स्थित एक मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में ट्रेड डील के खिलाफ यूथ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 100 से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार
सूचना मिलते ही एसडीओपी पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को सट्टा खिलाते हुए मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी लालू उर्फ जमुना प्रसाद पटेल ने स्वीकार किया कि उसने ही मकान किराए पर लेकर सट्टा संचालन के लिए पूरी व्यवस्था की थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी कंपनी के नाम से संचालित बैंक खाते के जरिए सट्टे की रकम का लेन देन कर रहे थे। जिसके माध्यम से गतिविधियों को छिपाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए करीब 40 लाख रुपए का सट्टा लगाया जा चुका है। अब पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
यह भी पढ़ें:खंडवा मंडी में गेहूं के सही दाम न मिलने पर मचा बवाल, गुस्साए किसानों ने रोकी नीलामी
मौके से पुलिस ने 5 हजार 380 रुपए नगद, एक लैपटॉप, वाई फाई राउटर, आठ मोबाइल फोन, कॉल रिसीवर पेटी, इन्वर्टर बैटरी, वॉयस रिकॉर्डर, सट्टा रजिस्टर और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजीव उइके, सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर वामनकर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में शारदा चौक निवासी लालू उर्फ जमुना प्रसाद पटेल (38), बेदीनगर छुईखदान निवासी शुभम कोरी (24) और लालमाटी निवासी आकाश राजभर (26) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:तमिलनाडु में डिजिटल अरेस्ट का MP कनेक्शन, रतलाम के बैंक खाते में पहुंचे 47 लाख, 3 गिरफ्तार