जबलपुर में ट्रेड डील के खिलाफ यूथ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 100 से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार
जबलपुर में ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में भारी झड़प हुई। जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार को प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रैली को रोकने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब सहित प्रदेश अध्यक्ष और 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घंटाघर क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही थी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों से लगातार तेज पानी की बौछारें छोड़ीं लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन के दौरान उदय भानु चिब बैरिकेड पर चढ़कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे थे।
यह भी पढ़ें:खंडवा मंडी में गेहूं के सही दाम न मिलने पर मचा बवाल, गुस्साए किसानों ने रोकी नीलामी
इस आंदोलन में विधायक लखन घनघोरिया के साथ बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया की मौजूदगी ने प्रदर्शन को और बड़ा रूप दिया। प्रशासन ने पहले से ही कलेक्ट्रेट और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रस्तावित यूएस ट्रेड डील से देश के किसानों और मजदूरों को नुकसान होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने इसे देशहित के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर विरोध केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि देशभर में आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान चिब ने महंगाई, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाए थे।
यह भी पढ़ें:तमिलनाडु में डिजिटल अरेस्ट का MP कनेक्शन, रतलाम के बैंक खाते में पहुंचे 47 लाख, 3 गिरफ्तार




