शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक परिवार ने प्रताड़ना से परेशान होकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से इच्छा मृत्यु की मांग की है। परिवार की महिलाओं ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा व्यक्त की, जो तेजी से वायरल हो गया है।
पिछोर की चमरौआ गांव निवासी एक परिवार ने विधायक प्रतिनिधि हरिभान सिंह लोधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो गया है।
आरोप है कि भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के विधायक प्रतिनिधि हरिभान सिंह लोधी पिछले दो वर्षों से उन्हें परेशान कर रहे हैं। मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। वहीं, आरोपी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
परिवार की दो महिलाओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की। वीडियो में उन्होंने कहा कि वे लगातार भय और दबाव में जी रहे हैं और अब उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपी को पद से हटाने की मांग की है।
परिवार के सदस्य शिवराज सिंह लोधी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बदनाम करने के लिए फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट डाली जा रही हैं। इससे परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है और वे मानसिक रूप से परेशान हैं। परिवार के अनुसार, हाल ही में जब उनके परिजन पिछोर जा रहे थे, तब रास्ते में उन्हें रोकने की कोशिश की गई। पहले पिछोर और फिर हिरापुर जंगल क्षेत्र में यह घटनाएं हुईं, जिससे उनका भय और बढ़ गया।
इस विवाद के बाद यह मुद्दा भी चर्चा में आया कि विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बड़ी संख्या में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। क्षेत्र में लगभग 100 प्रतिनिधि बताए जा रहे हैं, जिससे व्यवस्था और नियंत्रण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बहरहाल, मामले के सामने आने के बाद खनियाधाना पुलिस गांव पहुंची और पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।