मुंबई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। आज 29 मई को दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी लाल रंग के निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स आज करीब 1092 अंक गिरकर लगभग 74,775.74 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी करीब 359.40 अंक टूटकर लगभग 23,547.75 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से पावर ग्रिड, इंटरग्लोब एविएशन, NTPC, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस सबसे ज़्यादा नुकसान में रहीं। टेक महिंद्रा, HCL टेक, लार्सन एंड टुब्रो और इंफोसिस बढ़त बनाने वाली कंपनियां रहीं। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 92.29 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि शंघाई का SSE कम्पोजिट इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 1,042.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बुधवार को सेंसेक्स 141.90 अंक, या 0.19 प्रतिशत गिरकर 75,867.80 पर बंद हुआ। निफ्टी 6.55 अंक, या 0.03 प्रतिशत गिरकर 23,907.15 पर बंद हुआ था।