भोपाल। मध्य प्रदेश में सोयाबीन के दाम 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल किए जाने की मांग को लेकर किसान आंदोलित हैं। सोयाबीन किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में सम्मेलन कर रहे हैं। आंदोलन के बावजूद राज्य सरकार किसानों की मांग को लेकर गंभीर नहीं है। सरकार ने पहले से तय एमएसपी यानी 4892 रुपए क्विंटल खरीदी का ही निर्णय लिया है। किसानों के समर्थन में अब कांग्रेस भी सड़क पर उतर आई है।
कांग्रेस राज्यभर में किसान न्याय यात्रा निकाल रही है।सोयाबीन के भाव 6 हज़ार प्रति क्विंटल करने सहित किसानों की विभिन्न माँगों को लेकर किसान न्याय यात्रा के तहत शुक्रवार को इटारसी से होशंगाबाद तक ट्रैक्टर रैली आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, विधायक आरिफ़ मसूद, पूर्व विधायक संजय शर्मा, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह जी, NSUI अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित तमाम नेतागण सम्मिलित हुए।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीत पटवारी ने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों को समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दे और सोयाबीन का भाव 6 हजार रुपए करें। इटारसी में सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु में वो सोयाबीन के दाम बढ़ाकर देंगे, लेकिन ये घोषणा एमपी के लिए नहीं की गई है। अब ये मध्यप्रदेश के किसानों के जागने का समय है। सभी को एकजुट होकर अपने अधिकार के लिए लड़ना है।
उधर, हरदा में किसान सड़कों पर उतर आए। 2 हजार से ज्यादा ट्रैक्टर लेकर रैली के रूप में मुख्य मार्ग से गुजरे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में बैलगाड़ियां भी रैली में शामिल रही। पूरा शहर कुछ घंटों के लिए थम सा गया। किसानों का कहना है कि उन्हें सोयाबीन की फसल लगाने में जितनी लागत लग रही है। लगभग वही भाव उन्हें मंडी में मिल रहे हैं। जिसके चलते सोयाबीन की फसल घाटे का सौदा साबित हो रही है।वहीं, विदिशा के ग्यारसपुर में किसान नेता शिवकुमार कक्काजी ने किसानों के साथ प्रदर्शन किया और प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।