प्राइवेट तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपए और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए हैं। नई दरें शनिवार सुबह से लागू हो गई हैं। इस बदलाव के बाद भोपाल में नायरा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 119.54 रुपए और डीजल 102.64 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
कंपनी ने यह कदम अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच उठाया है। बढ़ती लागत और मौजूदा रिटेल कीमतों के बीच के अंतर को कम करने के उद्देश्य से नायरा ने ईंधन के दाम संशोधित किए हैं।
यह भी पढ़ें:टीम इंडिया ने लगादार दूसरी बार जीता एशियाड क्रिकेट का गोल्ड, फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से हराया
नायरा एनर्जी ने इससे पहले भी इस साल पेट्रोल और डीजल के दामों में इसी तरह की बढ़ोतरी की थी। ईरान संघर्ष के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के बाद 26 मार्च को कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा किया था। इसके बाद पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने पर कंपनी ने 1 जुलाई को राहत दी थी। उस समय पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में क्रमशः 5 रुपए और 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई थी।
नायरा की बढ़ोतरी का असर फिलहाल सरकारी तेल कंपनियों के ग्राहकों पर नहीं पड़ा है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं किया है। रिलायंस जियो भी फिलहाल पुरानी दरों पर ही ईंधन बेच रहा है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में BJP विधायक के सरकारी बंगले में चोरी, टोंटियां तक उखाड़ ले गए चोर
रेटिंग एजेंसी ICRA के आकलन के अनुसार, सितंबर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू पेट्रोल और डीजल के रिटेल दाम स्थिर रहने से सरकारी तेल कंपनियों पर मार्जिन का दबाव बढ़ा है। एजेंसी का अनुमान है कि IOC, BPCL और HPCL को पेट्रोल पर करीब 8 रुपए और डीजल पर लगभग 9 रुपए प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। ICRA के मुताबिक, पेट्रोल, डीजल और LPG को मिलाकर सरकारी तेल कंपनियों को प्रतिदिन करीब 530 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इससे पहले मई में IOC, BPCL और HPCL ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगे कच्चे तेल का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कई चरणों में बढ़ोतरी की थी। उस दौरान दोनों ईंधनों के दाम कुल मिलाकर ₹7.50 प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। देश के एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों में 90 प्रतिशत से अधिक पर इन तीनों सरकारी तेल कंपनियों का नियंत्रण है। ऐसे में नायरा एनर्जी की ताजा बढ़ोतरी के बाद भी देश के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कीमतें फिलहाल अलग स्तर पर बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें:उज्जैन में 16 साल की नाबालिग बच्ची से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार