भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चौक बाजार में जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश के बाद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही सामने आई है। जिसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत को भी लाइन अटैच किया गया है।

मामला उस समय सामने आया जब एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने अपनी टीम के साथ चौक बाजार क्षेत्र में जुए के अड्डे पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दर्जनभर से ज्यादा जुआरियों को पकड़ा और मौके से करीब सवा दो लाख रुपए बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें:शिक्षक भर्ती 2025 में प्रोमोशन की मांग तेज, अभ्यर्थियों ने DPI के बाहर डाला डेरा

दबिश के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इलाके में जुआ संचालित होने और स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच की। जांच में सामने आया कि जुआ चलने की जानकारी होने के बावजूद उसे रोकने के लिए थाना स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी। अधिकारियों की ओर से जुआ बंद कराने के निर्देश पहले भी दिए जा चुके थे।

जांच के दौरान थाना प्रभारी प्रभात गौड़ पर जुआरियों को संरक्षण देने से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की गई। इसके बाद डीसीपी जोन 3 आयुष गुप्ता ने थाना प्रभारी के साथ बीट और माइक्रो बीट स्तर पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें:मुआवजे की मांग को लेकर 200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसानों का भोपाल कूच, कलेक्टर के वीडियो कॉल पर माने

भोपाल में जुए से जुड़े मामले में थाना स्तर के पुलिसकर्मियों पर यह हालिया दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों के बाद निलंबित किया जा चुका है। एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि की है। पुलिस अब चौक बाजार में संचालित जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों और वहां लंबे समय से चल रही गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।