शिक्षक भर्ती 2025 में प्रोमोशन की मांग तेज, अभ्यर्थियों ने DPI के बाहर डाला डेरा

भोपाल में शिक्षक भर्ती 2025 में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया है। नीलम पार्क में 25 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे अभ्यर्थी अब DPI के बाहर डट गए हैं।

Updated: Sep 16, 2026, 02:04 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में शिक्षक भर्ती 2025 में रिक्त पदों को बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। मंगलवार को नीलम पार्क में चल रहे धरने से आगे बढ़ते हुए अभ्यर्थियों ने राज्य शिक्षा केंद्र (DPI) के बाहर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक भर्ती में पदवृद्धि नहीं की जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

वर्ग 2 माध्यमिक और वर्ग 3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2025 में अधिक पद शामिल करने की मांग को लेकर प्रदेशभर के अभ्यर्थी पिछले 25 दिनों से नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। सोमवार को उन्होंने अपना प्रदर्शन DPI के सामने स्थानांतरित कर दिया।

यह भी पढ़ें:मुआवजे की मांग को लेकर 200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसानों का भोपाल कूच, कलेक्टर के वीडियो कॉल पर माने

इस मांग को लेकर बीते 21 अगस्त को भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भोपाल पहुंचे थे। उस दौरान DPI के सामने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद रैली के जरिए नीलम पार्क पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया था।

अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में पदवृद्धि के लिए नवंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग चरणों में आंदोलन किए जा चुके हैं लेकिन अब तक उनकी मांग पर समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से वे सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:VIP रोड पर ओवैसी के काफिले का एक्सीडेंट, ब्रेक लगाते ही आपस में भिड़ीं गाड़ियां, कई युवक घायल