भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी सैलरी नहीं मिलने से परेशान हैं। बीते दो हफ्ते में 500 से अधिक वार्ड बॉय और टेक्नीशियन दो दिन हड़ताल कर चुके हैं। हमीदिया अस्पताल का मैनेजमेंट अब 400 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मैनेजमेंट ने इस संबंध में निजी कंपनी को लेटर जारी किया है। ये कौन से कर्मचारी होंगे, अभी तय नहीं है। हालांकि, बताया जा रहा है कि ये वे कर्मचारी हो सकते हैं, जिनकी जॉइनिंग कोविड के दौरान हुई थी।
GMC (गांधी मेडिकल कॉलेज) का कहना है कि शासन से सैक्शन पदों के मुकाबले हमीदिया में 400 कर्मचारी अधिक काम कर रहे हैं। वर्तमान में शासन की ओर से जितने पद सैक्शन हैं, उस आधार पर निर्णय लिया जाएगा।
उधर, हमीदिया अस्पताल में वार्ड बॉय, कंप्यूटर ऑपरेटर और हाउस कीपिंग स्टाफ मंगलवार सुबह से हड़ताल पर चले गए। जीएमसी की डीन डॉ. कविता एन सिंह का कहना है कि इनकी सैलरी शुक्रवार या शनिवार तक आ जाएगी। सैलरी में देरी की वजह पैसा नहीं होना है।
सैलरी के लिए हमीदिया अस्पताल के 500 से अधिक वार्ड बॉय करीब 15 दिन में दो बार हड़ताल पर बैठ चुके हैं। बता दें, हमीदिया अस्पताल में रोज 2500 से अधिक की ओपीडी रहती है। 60 से अधिक ऑपरेशन होते हैं।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या में वृद्धि, पांच महीने में ही बढ़ गए 35 हजार 186 बेरोजगार
बता दें कि गांधी मेडिकल कॉलेज ने एजाइल कंपनी को दो दिन पहले करीब ढाई करोड़ रुपए का पैमेंट किया है। इसके बाद करीब 12 करोड़ रुपए जीएमसी पर बकाया है। इस वजह से कंपनी ने कर्मचारियों की सैलरी रोक दी है।