भोपाल। राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेकपर्ल कॉलोनी में दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव उनके दोस्त पवन द्विवेदी के मकान में मिला। पुलिस को मौके से खून से सना हथौड़ा बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि इसी हथियार से मीनाक्षी के सिर पर हमला किया गया होगा।
पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम लेकपर्ल कॉलोनी पहुंची जहां मकान के भीतर मीनाक्षी का शव मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल की जांच के दौरान शव के पास ही खून लगा हथौड़ा भी मिला जिसके आधार पर पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में तंबाकू फैक्ट्री पर GST की छापेमारी, 60 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस मकान में मीनाक्षी की मौत हुई वह उनके दोस्त पवन द्विवेदी का था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक के अनुसार, शुरुआती जांच में पवन के मीनाक्षी से शादी करने की इच्छा की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी शादी के लिए तैयार नहीं थी।
पुलिस को आशंका है कि रविवार देर रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से हमला किया जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और हत्या के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
मीनाक्षी की मौत के बाद पवन ने भी आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, उसने मकान से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक बैंक पासबुक भी मिली है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में चलती बाइक पर युवक की गोली मारकर हत्या, पीछे बैठे दोस्त ने सिर से सटाकर चलाई पिस्टल
फिलहाल खजूरी सड़क थाना पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।