भोपाल में चलती बाइक पर युवक की गोली मारकर हत्या, पीछे बैठे दोस्त ने सिर से सटाकर चलाई पिस्टल

भोपाल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह चलती बाइक पर 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, पीछे बैठे दोस्त अलीम उर्फ अल्लू ने सिर से सटाकर फायर किया।

Updated: Sep 20, 2026, 07:49 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह चलती बाइक पर 21 वर्षीय युवक इखलास उर्फ ताशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, ताशी बाइक पर बीच में बैठा था। जबकि, उसका दोस्त अलीम उर्फ अल्लू पीछे बैठा था। इसी दौरान अलीम ने पिस्टल निकालकर ताशी के सिर से सटाकर गोली चला दी। फायरिंग के बाद बाइक सड़क पर गिर गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

निशातपुरा पुलिस के अनुसार, ताशी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला था और पेंटरी का काम करता था। घटना के वक्त वह दो दोस्तों के साथ मछली पकड़ने के लिए निकला था। बाइक तीसरा युवक चला रहा था। वारदात के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ सिंधी कॉलोनी तक ले गया।

सिंधी कॉलोनी पहुंचने के बाद अलीम वहां से भाग निकला। आरोपी के जाने के बाद बाइक चला रहा युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर निशातपुरा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद ताशी का शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉच्यूरी भेज दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों दोस्तों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। बात इतनी बढ़ गई थी कि दोनों के बीच मारपीट हुई और इस दौरान ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद खत्म कर लिया था।

पुलिस को आशंका है कि समझौते के बावजूद अलीम के मन में उस विवाद को लेकर रंजिश बनी हुई थी। इसी पुराने विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

निशातपुरा पुलिस ने अलीम उर्फ अल्लू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।