ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मंगलवार को उस समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए जब एक स्कॉर्पियो प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर प्लेटफॉर्म पर दौड़ने लगी। यात्रियों की भीड़ के बीच वाहन के अचानक पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई शुरू करते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर काले रंग की स्कॉर्पियो (25BH1420R) को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करते देखा था। चालक वाहन को प्लेटफॉर्म पर चलाते हुए ट्रेन परिचालन विभाग और यात्री कैंटीन के सामने तक ले गया था। यह स्टेशन का संवेदनशील इलाका है जहां हर समय यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है।
यह भी पढ़ें:इटारसी के पास पेंचवैली एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, चेन खींचकर यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
घटना के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। वहीं, स्टेशन के निर्माण कार्यों के कारण प्लेटफॉर्म पर पहले से ही जगह सीमित थी। ऐसे में प्लेटफॉर्म के बीचोंबीच तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को देखकर यात्री घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। जिसकी वजह से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई थी।
आरपीएफ कर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया था लेकिन चालक ने चेतावनी की अनदेखी करते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और स्टेशन परिसर से बाहर निकलकर फरार हो गया। हालांकि, इस दौरान वाहन का नंबर और उसकी तस्वीर कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें:MP में स्कूल चलें हम अभियान की खुली पोल, विदिशा में जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर बच्चे
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ निरीक्षक के निर्देश पर ग्वालियर पोस्ट में अज्ञात चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 159 और 147 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक अवतार सिंह धाकड़ को सौंपी गई है।
जांच अधिकारी ने वाहन के पंजीयन और मालिक की जानकारी जुटाने के लिए परिवहन विभाग से विवरण मांगा है। आरपीएफ वीडियो फुटेज, वाहन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है।