इंदौर। महिलाओं में टीकाकरण के प्रति जागरुकता फैलाना के लिए अलग से टीकाकरण केंद्रों को खोला गया है। शहर में कुल 6 टीकाकरण केंद्र खोले गए हैं, जहां सिर्फ महिलाएं टीका लगवा सकती हैं। इंदौर प्रशासन ने यह फैसला टीका लगवाने वालों में महिलाओं की कमी को देखते हुए यह फैसला लिया है। 

महिलाओं के लिए खोले गए इन टीकाकरण केंद्रों पर सभी सुविधाएं मौजूद हैं। इन केंद्रों पर स्टाफ से लेकर ऑपरेटर तक सभी महिलाएं हैं। ताकि महिलाओं को टीका लगवाने में किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। इंदौर नगर निगम की आयुक्त प्रतिभा पाल ने मीडिया को बताया कि शहर में टीका लगवाने वालों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या कम थी, जिसके बाद महिलाओं के लिए अलग से टीकाकरण केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया। 

यह भी पढ़ें : बालाघाट में पांच करोड़ के नकली नोटों के साथ पकड़ाए आरोपी, मार्केट में नकली नोटों की सप्लाई की कर रही थी तैयारी

प्रतिभा पाल ने बताया कि महिलाओं के लिए अलग से टीकाकरण केंद्र खोलने के अच्छे नतीजे देखने को मिले हैं। प्रतिभा पाल ने बताया कि पहले दिन ही टीकाकरण केंद्रों पर भारी संख्या में महिलाओं ने टीका लगवाया। निगम आयुक्त के मुताबिक पहले दिन करीब 3 हजार महिलाओं ने टीका लगवाया। प्रतिभा पाल ने बताया कि इस निर्णय के बाद महिलाओं में टीकाकरण के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जो कि काफी संतोषजनक है।