मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 2.4 इंच बारिश धार में रिकॉर्ड की गई। जबकि, राजगढ़, रतलाम, शिवपुरी, टीकमगढ़, खरगोन, भोपाल और उज्जैन समेत कई जिलों में भी तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बारिश का असर कई जिलों में जनजीवन पर भी देखने को मिला। रतलाम में अंडरब्रिज पानी से भर गया जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, शाजापुर में उफनते नाले के बावजूद शिक्षकों को स्कूल पहुंचने के लिए जोखिम उठाकर उसे पार करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह नदी-नाले भी उफान पर हैं।

यह भी पढ़ें:MP: समोसे खाने के लिए लोको पायलट ने रोक दी ट्रेन, वीडियो वायरल होने पर रेलवे ने शुरू की जांच

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का मजबूत दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। बुधवार के लिए श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें:वायनाड में भूस्खलन से 4 की मौत, प्रियंका गांधी ने UDF कार्यकर्ताओं से की रेस्क्यू में मदद की अपील

वहीं, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, भोपाल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और सिंगरौली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।