MP: समोसे खाने के लिए लोको पायलट ने रोक दी ट्रेन, वीडियो वायरल होने पर रेलवे ने शुरू की जांच

इंदौर-महू डेमू ट्रेन के लोको पायलट का ट्रैक किनारे दुकान से समोसे खरीदने का वीडियो वायरल हुआ है। दावा है कि ट्रेन कुछ मिनट रोककर वह समोसे लेने उतरा।

Updated: Jul 08, 2026, 11:45 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर-महू के बीच संचालित डेमू ट्रेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है। वीडियो में ट्रेन रंगवासा रोड क्षेत्र में रुकी हुई दिखाई दे रही है। जबकि, लोको पायलट ट्रैक किनारे स्थित एक दुकान से समोसे खरीदता नजर आ रहा है। दुकान से लौटकर जैसे ही वह इंजन में सवार होता है वैसे ही ट्रेन आगे के लिए रवाना हो जाती है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो राऊ के रंगवासा रोड इलाके का है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इंदौर-महू डेमू ट्रेन इस स्थान पर अक्सर कुछ मिनटों के लिए रुकती है। उनका आरोप है कि इस दौरान लोको पायलट ट्रेन से उतरकर पास की दुकान से समोसे खरीदता है और उसके बाद ही ट्रेन अपनी यात्रा दोबारा शुरू करती है।

वीडियो सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे प्रशासन यह पता लगाएगा कि ट्रेन परिचालन संबंधी किसी वैध कारण से रुकी थी या फिर निजी कारणों से उसे रोका गया था।

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है और इसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में यह साबित होता है कि लोको पायलट ने बिना किसी अधिकृत कारण, सिग्नल या परिचालन संबंधी आवश्यकता के ट्रेन रोकी और निजी काम के लिए इंजन से बाहर निकला तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।