भोपाल। संस्कार भारती के गेस्ट हाउस में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कमरे में उसकी लाश मिली है। युवक बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से योग की डिग्री ले रहा था। वह तुलसी नगर स्थित संस्कार भारती के गेस्ट हाउस में रहता था। संस्कार भारती RSS की सहयोगी संस्था है। युवक की मौत का खुलासा सोमवार रात करीब डेढ़ बजे हुआ। पुलिस का कहना है कि इटारसी से RSS के दो पदाधिकारी संस्कार भारती के गेस्ट हाउस पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो किसी ने गेट नहीं खोला। पदाधिकारियों ने इसकी सूचना भोपाल के अन्य पदाधिकारियों को दी। जिसके बाद मकान के पीछे से दरवाजा तोड़कर वे दोनों अंदर पहुंचे, तब मौत का पता चला।

युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पेट में क्लॉटिंग मिली है। पोस्टमार्टम में जहरीले पदार्थ से मौत की आशंका जताई जा रही है। विसरा के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। मृतक की पहचान 22 वर्षीय आनंद त्रिपाठी के तौर पर हुई है, वह सतना के जैतवारा का रहने वाला था, वह योगाभ्यास में कई मेडल जीत चुका था।

और पढ़ें: प्रोफेसर ने गुरुदवारे में की आत्महत्या, नौकरी जाने से दुखी शख्स पहले भी कर चुका था सुसाइड की कोशिश 

युवक की मौत की खबर उसके परिजनों को दे दी गई है। उसने शनिवार रात अपने परिजनों से फोन पर बात की थी। रविवार को उसका संपर्क किसी से नहीं हुआ था। पुलिस ने मामले दर्ज कर लिया है, जांच जारी है।