नई दिल्ली। बिहार में वोटर लिस्ट की रिवीजन के फैसले के विरुद्ध लेकर तमाम विपक्षी पार्टियां प्रदर्शन कर रही हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को पटना में महागठबंधन के प्रदर्शन में शामिल हुए। यहां राहुल ने आरोप लगाया कि जैसे महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था, वैसे ही बिहार के चुनाव को चोरी करने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि इलेक्शन कमिश्नर भाजपा और RSS नेताओं की तरह बात करते हैं। उन्हें (भाजपा) पता चल गया है कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया है, वे अब बिहार मॉडल लाए हैं। ये गरीबों का वोट छीनने का तरीका है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आपको जो करना है करिए, लेकिन बाद में कानून आप पर हावी होगा। कानून आपको नहीं छोड़ेगा। मैं आपको गारंटी दे रहा हूं कि आप कितने ही बड़े क्यों न हो कानून आपको नहीं छोड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा, 'कुछ महीने पहले महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव हुआ। उसके कुछ महीने बाद महाराष्ट्र और हरियाणा का विधानसभा का चुनाव हुआ। लोकसभा चुनाव में I.N.D.I.A ने जीत दर्ज की। कुछ महीने बाद विधानसभा के चुनाव में हार गई। उस समय हमने ज्यादा कुछ बोला नहीं। कुछ समय बाद हमने डेटा देखना शुरू किया। हमने पाया कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में एक करोड़ नए वोटर्स जुड़े।'
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'विधानसभा चुनाव में 10% ज्यादा वोटर्स ने वोट किया। जब हमने पता लगाया कि ये वोटर कहां से आए, कौन हैं, तो आश्चर्य की चीजें निकली। जिन-जिन सीटों पर वोटर्स बढ़े, वहां भाजपा जीती। सारे के सारे नए वोट भाजपा को गए। जब हमने वोटर लिस्ट और वोटिंग की वीडियो मांगी तो इलेक्शन कमीशन (EC) शांत हो गया। एक शब्द नहीं कहा। एक बार नहीं कई बार कहा। आज तक महाराष्ट्र के वोटर लिस्ट हमें नहीं दी गई। वीडियो देने का कानून बदल दिया।'
बता दें कि ट्रेड यूनियन के हड़ताल के समर्थन और वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के खिलाफ बिहार में इंडिया गठबंधन की ओर से बंद बुलाया गया था। बंद के समर्थन में पटना, दरभंगा और आरा समेत अन्य जिलों में सुबह ही महागठबंधन के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और चक्का जाम को सफल बनाने की कोशिश की। पटना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी के तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय तक पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।