भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ईश्वर सिंह चौहान का निधन हो गया है। चौहान कांग्रेस के झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष थे। उनके निधन की खबर से प्रदेश कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ से लेकर सभी कांग्रेस नेताओं ने चौहान के निधन पर दुख जताया है।



राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, 'मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ईश्वर सिंह चौहान जी का निधन मेरे लिए निजी क्षति है। उन्होंने हमेशा जीवटता के साथ गरीबों के हक़ की लड़ाई लड़ी। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ व दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों के साथ हूँ। ॐ शांति ॐ शान्ति ॐ शांति।' 





पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, 'कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री ईश्वर सिंह चौहान के निधन का समाचार प्राप्त हुआ।श्री चौहान ने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित तबके के लिए संघर्ष किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति दे।'





एमपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतु पटवारी ने उन्हें कांग्रेस का एक सच्चा सिपाही बताया है। पटवारी ने ट्वीट किया, 'एक सच्चा congress का सिपाही को एक एक कांग्रेस जन की श्रद्धांजलि !!!'



जानकारी के मुताबिक ईश्वर सिंह चौहान बीते दिनों कोरोना संक्रमित हुए थे। इलाज के बाद वह कोरोना से रिकवर भी हो गए थे। लेकिन पोस्ट कोविड कंप्लीकेशन्स की वजह से आज उनकी जान चली गई। चौहान को मध्यप्रदेश में गरीब-वंचितों का एक मुखर आवाज माना जाता था। इसके अलावा उनकी खासियत ये थी कि हर दल के लोग उनका सम्मान करते थे।