नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवार का नाम फाइनल कर दिया है। कांग्रेस की तरफ से इस बार फिर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा राज्यसभा भेजे जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इसकी घोषणा कर दी है। यह दूसरी बार है जब विवेक तन्खा को कांग्रेस राज्यसभा भेज रही है।

दरअसल, मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं। इन सांसदों में बीजेपी के एमजे अकबर, संपतियां ऊइके और कांग्रेस के विवेक तन्खा शामिल हैं।  तीनों सांसदों का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो रहा है। विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से देखा जाए तो इसमें दो सीट बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जा रही है। 

यह भी पढ़ें: ग्वालियर: मॉक पोल में ही फेल हुआ ईवीएम, कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल, बड़े स्तर पर धांधली का लगाया आरोप

विवेक तन्खा की जगह को लेकर कांग्रेस की तरफ से अबतक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने स्पष्ट किया कि इस बार भी वे ही राज्यसभा जाएंगे। बताया जा रहा है कि विवेक तन्खा के नाम पर सबकी सहमति बन गई है, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के साथ राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने उनके नाम पर ही सहमति जताई है।

इसके बाद कमलनाथ ने उनका नाम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है। राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 31 मई को नामांकन भरने की अंतिम तारीख है। उधर बीजेपी की खाली हो रही दो राज्यसभा सीटों को लेकर अभी तक संशय की स्थिति बरकरार है।