मध्य प्रदेश में बुधवार से मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों तक आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। ग्वालियर समेत 13 जिलों में बुधवार के लिए अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, 21 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है।
मौसम में यह बदलाव उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हो रहा है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, इस सिस्टम का असर 19 से 21 मार्च के बीच प्रदेशभर में देखने को मिलेगा। इसके चलते कई इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी तो कहीं बादल छाए रहेंगे।
यह भी पढ़ें:इंदौर में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, जिंदा जल गए 7 लोग, 3 अस्पताल में भर्ती
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के पश्चिम-उत्तर हिस्से में पांच साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय थे। जबकि, दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में भी एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव बना रहा था। इसी वजह से ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो खरगोन सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 38.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 38 डिग्री, रायसेन में 37.6 डिग्री, मंडला में 37.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 37.2 डिग्री और खंडवा में 37.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा जहां पारा 36.1 डिग्री तक पहुंच गया था। भोपाल में 35.2 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री, जबकि उज्जैन और ग्वालियर में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।
इससे पहले फरवरी में प्रदेश में चार बार मौसम ने करवट ली थी। अलग-अलग चरणों में ओले, बारिश और आंधी का असर देखने को मिला था। जिससे फसलों को भी भारी नुकसान हुआ था। सरकार को प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी कराना पड़ा था। फरवरी के तीसरे और चौथे सप्ताह में भी लगातार बारिश और ओलावृष्टि भी हुई थी।
यह भी पढ़ें:विदिशा में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सिर पर मटका रख कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता
मार्च की शुरुआत में जहां गर्मी ने तेजी पकड़ी वहीं अब महीने के दूसरे हिस्से में एक बार फिर मौसम अस्थिर हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस महीने पहली बार इतना मजबूत सिस्टम सक्रिय हुआ है। यह करीब 4 से 5 दिन तक असर बनाए रखेगा और प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों से गुजरेगा।
हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 22 मार्च के बाद एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ेगा और महीने के आखिरी सप्ताह में तेज गर्मी पड़ने लगेगी। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। जबकि, रात का तापमान 14 से 20 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। नर्मदापुरम में तो हाल ही में लगातार तीन दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें:MP: सिंगरौली में एक ही महिला की दो बार मौत, फर्जी डेथ सर्टिफिकेट से किया जमीन का नामांतरण