विदिशा में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सिर पर मटका रख कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता
विदिशा में अनुसूचित जाति कांग्रेस कमेटी ने आदिवासी वर्ग को जमीन का अधिकार दिलाने के लिए काले मटके सिर पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में अनुसूचित जाति कांग्रेस कमेटी ने आदिवासी समुदाय को जमीन का अधिकार दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सिर पर काले मटके रखकर स्वामी विवेकानंद चौराहे से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन की शुरुआत स्वामी विवेकानंद चौराहे से हुई थी । वहां से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। विरोध को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए जिला अध्यक्ष जगन्नाथ अहिरवार समेत अन्य पदाधिकारियों ने सिर पर काला मटका रखा था। कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्राम रामपुरा की 12.103 हेक्टेयर भूमि से जुड़े लंबे समय से लंबित मामले को प्रमुखता से उठाया गया था। समिति के अनुसार, साल 2013 के राजस्व अभिलेखों में इस जमीन का स्वामित्व दर्ज था लेकिन बाद में रिकॉर्ड में बदलाव कर दिए गए थे। जिसकी वजह से आदिवासी वर्ग के अधिकार प्रभावित हुए हैं। समिति ने आरोप लगाया कि इन बदलावों में कई विसंगतियां हैं जिनकी जांच जरूरी है।
कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को अब तक उनका हक नहीं मिल पाया है। ज्ञापन में 18 फरवरी 2026 को राजस्व मंडल मध्यप्रदेश द्वारा जारी आदेश का तत्काल पालन करने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित भूमि पर आदिवासी समुदाय को जल्द कब्जा दिलाने और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने की बात कही गई है।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष जगन्नाथ अहिरवार और जिला कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अरुण अवस्थी ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए थे। नेताओं ने कहा कि पहले न्यायालय के आदेश आने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय गरीबों को दिए गए पट्टों में फर्जीवाड़ा कर बदलाव किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि फर्जी पट्टों को निरस्त कर जमीन वास्तविक पात्र लोगों को नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




