इंदौर में एक महिला से रेप की घटना सामने आई है, जिसमें पीड़ित महिला घटना के बाद सदर बाजार और मल्हारगंज थानों की सीमा के बीच एक किलोमीटर से अधिक के इलाके में नग्न अवस्था में घूमती नजर आई है। उसने अपने कपड़े घटनास्थल पर ही छोड़ दिए, और नग्न अवस्था में एक धार्मिक स्थल के बाहर पहुंची, जहां गश्त कर रहे मल्हारगंज थाने के एसआई ने उसे देखा। पुलिस ने तुरंत महिला से पूछताछ शुरू की और उसे एम्बुलेंस से अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।

घटना सोमवार और मंगलवार की रात 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई थी। 20 वर्षीया आरोपी साहिल सोनी उर्फ सोनू जो मल्हारगंज की जनता कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपी साहिल ने सदर बाजार इलाके की नीलकंठ कॉलोनी में एक टपरी में महिला के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता का उपचार एमवाय अस्पताल में चल रहा है।

मल्हारगंज थाने के एसआई ब्रजेश शर्मा के अनुसार, शंकरगंज में एक महिला नग्न अवस्था में बैठी मिली। उसकी हालत देखकर संदेह हुआ कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। उसे शॉल ओढ़ाया गया और पूछताछ की गई, लेकिन वह ज्यादा कुछ बता नहीं पाई। इस दौरान आरोपी सोनू और कुछ अन्य लड़के भी वहां खड़े थे। एम्बुलेंस बुलवाकर महिला को एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रेप की पुष्टि की।

मंगलवार सुबह सदर बाजार, मल्हारगंज और एरोड्रम थानों की तीन टीमें गठित की गईं और सदर बाजार से मल्हारगंज तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक फुटेज में सोमवार-मंगलवार रात करीब 2:30 बजे सोनू को महिला के साथ जाते देखा गया। इसके करीब आधे घंटे बाद महिला नग्न अवस्था में और सोनू उससे पहले जाता हुआ नजर आया। महिला के लंगड़ाकर चलने और सोनू की पहचान के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के बाद पुलिस आरोपी सोनू की तलाश में जुटी थी, जो दोपहर 12 बजे मल्हारगंज के जिंसी में खड़ा मिला। घटना के समय पहने हुए कपड़े ही उसने पहन रखे थे। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया और पुलिस को घटनास्थल तक भी लेकर गया। सोनू पेशे से हम्माल है और मूल रूप से सागर का रहने वाला है।

सोनू ने नीलकंठ कॉलोनी के पास एक सुनसान बगीचे में बने टपरी में महिला से रेप किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बगीचा लावारिस स्थिति में है, जहां कचरे के ढेर और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। पुलिस के आने के बाद ही लोगों को घटना की जानकारी मिली।

पीड़िता एमवाय अस्पताल में भर्ती है और पुलिस उसके परिवार की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। महिला की उम्र करीब 40 साल है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, वह अपना नाम तक नहीं बता पा रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने उसे कई बार कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में घूमते देखा है।