मुंबई। विवादास्पद अभिनेता, निर्देशक और फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान, जिन्हें KRK के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर गंभीर कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें 18 जनवरी 2026 को अंधेरी (पश्चिम) के ओशिवारा इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया है। 

KRK और विवादों का पुराना नाता रहा है। वह सोशल मीडिया पर अकसर विवादास्पद पोस्ट और वीडियो शेयर करते रहते हैं, जिन्हें लेकर खूब हंगामा भी होता रहा है। अब वह एक नए विवाद की वजह से चर्चा में आ गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना 18 जनवरी की रात की है, जब ओशिवारा की नालंदा सोसाइटी में तेज गोली चलने की आवाजें गूंजीं। 

इस सोसाइटी में लेखक-निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा और मॉडल प्रतीक वैध रहते हैं, जिन्होंने रात के समय इन आवाजों को सुना। पुलिस जांच में पता चला कि KRK का घर स्थान नालंदा सोसाइटी के निकट स्थित है। घटनास्थल पर रिक्रिएशन कराने के बाद जांचकर्ताओं को संदेह हुआ कि गोलियां KRK के बंगले की दिशा से चलाई गई हैं।

ओशिवारा पुलिस ने अपराध शाखा के साथ मिलकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें सोसाइटी और बंगले के आसपास के कैमरे शामिल थे। फॉरेंसिक टीम ने घटना में इस्तेमाल हुई गोलियों को जब्त कर लिया और आगे की जांच जारी रखी। शुक्रवार देर रात KRK को ओशिवारा पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी वाली बंदूक से गोलियां चलने की बात कबूल की।

KRK ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे बंदूक की सफाई कर रहे थे और उसकी कार्यक्षमता जांचने के लिए गोलियां चलाईं। उन्होंने दावा किया कि उनका इरादा किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था, बल्कि वे बस हथियार को टेस्ट कर रहे थे। पुलिस ने उनकी लाइसेंसी बंदूक को भी जब्त कर लिया है। KRK को शनिवार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें अंधेरी कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां रिमांड और आगे की कार्रवाई पर फैसला होगा।