भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर कोई अंकुश नहीं लगा पा रहा है। यहां प्रतिदिन बेटियों के साथ बलात्कार और छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ऐसा ही एक मामला कोलार क्षेत्र से सामने आया है। जहां महिला पर हमला होने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया।

दरअसल, भोपाल के कोलार थाना एरिया में बुधवार को एक महिला पर किसी अंजान आदमी ने अचानक हमला कर दिया था। महिला ने बताया कि आरोपी ने बीच रोड पर उसने मेरा गला दबाने की कोशिश की। उसने धारदार वस्तु से मेरे चेहरे पर हमला किया था। जिसके बाद वे स्कूटी से गिर गईं और फिर अचानक उसने गला दबाना शुरु कर दिया। वह जैसे तैसे उसके चंगुल से छूटी।

कोलार के गौरव नगर की रहने वाली मनीषा पाटिल (29) बुधवार देर रात अपने पति को लेने के लिए दोपहिया वाहन से कोलार में डीमार्ट की ओर जा रहीं थीं। रास्ते में किसी ने उन पर कोई धारदार वस्तु फेंकी, जिससे उनकी स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और मनीषा का गला दबाने लगा। उन्होंने उसे दांतों से काटना शुरु किया और उसके चंगुल से खुद को छुड़ाया। रास्ते से गुजर रहे अन्य लोग वहां रूके जिसे देख आरोपी व्यक्ति घबराकर वहां से फरार हो गया। 

इसके बाद मनीषा अगले दिन कोलार पुलिस स्टेशन पहुंचीं और पूरा मामला बताया तो पुलिस ने मामले को गैर-संज्ञेय अपराध बताते हुए अपराध दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद मनीषा ने एनसीआर (गैर-संज्ञेय अपराध) कॉपी की फोटो को उच्च अधिकारियों को टैग करते हुए ट्विटर पर पोस्ट की। सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकारियों तक मामला पहुंचा। तब उच्च अधिकारियों के दखल के बाद कोलार थाना पुलिस हरकत में आई और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की।