मंगलुरु। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां चोर ने गहने चोरी किए और पुलिस से बचने के लिए सारे गहने आइस्क्रीम के साथ निगल लिए। चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के पेट में तेज दर्द हुआ, वह दर्द के मारे तड़पने लगा जिसके बाद उसे शनिवार को अस्पताल ले जाया गया।

जहां डॉक्टरों ने उसका चेकअप किया। एक्स-रे में उसके आंतों में गहने फंसे दिखाई दिए। जिसे देखकर डॉक्टरों के आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। आरोपी चोर के पेट में जो गहने दिखाई दिए हैं, उनमें ज्यादातर अंगूठियां, कान के टॉप्स हैं। जिनका वजन करीब 35 ग्राम है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद आरोपी के पेट से गहने बाहर निकाल दिए हैं।

आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने चोरी के बाद पुलिस से गहने छिपाने के लिए आइस्क्रीम के साथ गहने निगल लिए थे। आरोपी की पहचान शिबू के रुप में हुई है। ऑपरेशन के बाद शिबू को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उसे बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।