असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना सुबह करीब 6:54 बजे की है। स्थानीय लोगों ने हादसे में करीब 50 यात्रियों के घायल होने की जानकारी दी है। जबकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) का कहना है कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रेलवे के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी रेलवे लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार कम नहीं कर सका था। परिणामस्वरूप ट्रेन दूसरी लाइन पर लगाए गए बैरिकेड्स से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन के साथ पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे के बाद लोको पायलट के केबिन का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। इसमें इंजन के कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और अन्य तकनीकी उपकरण दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट सिस्टम में खराबी की बात करते सुनाई दे रहे हैं।
वह कह रहे हैं कि कोई भी उपकरण काम नहीं कर रहा है और सिग्नल फेल है। उन्होंने इमरजेंसी सिस्टम के सक्रिय होने के बावजूद काम नहीं करने की बात भी कही। इसके अलावा लोको पायलट ने S9 और A9 के भी काम नहीं करने का जिक्र किया है। हालांकि, वीडियो में बताई गई तकनीकी खराबी और हादसे के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी राहत एवं बचाव दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पटरी से उतरे डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
रेलवे ने प्रभावित यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की है। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों को लेकर रेलवे की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, दूसरी लाइन पर जाते समय ट्रेन का बैरिकेड्स से टकराना दुर्घटना की प्रमुख वजह रहा।