नई दिल्ली। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बेबी रानी मौर्य के इस्तीफे की खबर सामने आते ही उनका आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में उनके चुनाव लड़ने की चर्चा तेज़ हो गई है। 

बुधवार को बेबी रानी मौर्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हाल ही में उन्होंने उत्तराखंड की गवर्नर रहते हुए अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया था। बेबी रानी मौर्य ठीक दो दिन पहले दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से भी मिली थीं।इसके बाद से ही उनके इस्तीफे की अटकलें शुरू हो गई थीं।  

अब बेबी रानी मौर्य के इस्तीफे के साथ साथ मीडिया में उनके चुनाव लड़ने के कयास लगाए जाने भी शुरू हो गए हैं। अटकलों के मुताबिक बेबी रानी मौर्य अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आज़मा सकती हैं। 

यह भी पढ़ें ः बीजेपी ने चुनावी राज्यों के प्रभारियों का किया एलान, धर्मेंद्र प्रधान यूपी और फडणवीस संभालेंगे गोवा की कमान

बेबी रानी मौर्य ने नब्बे के दशक में राजनीति में कदम रखा था। वे 1995 में आगरा की मेयर भी बनी थीं। सन् 2000 हज़ार तक मेयर रहने के बाद बेबी रानी मौर्य 2002 में राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरमैन भी रहीं। 2005 तक बेबी रानी मौर्य इस पद पर रहीं। 2007 में बेबी रानी मौर्य ने आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा। लेकिन वे बहुजन समाज पार्टी के नारायण सिंह सुमन से चुनाव हार गईं। उस साल बीएसपी यूपी की सत्ता पर काबिज़ हुई थी और मायावती राज्य की सीएम बनी थीं। 2013 से 2015 तक उन्हें पार्टी की राज्य स्तरीय ज़िम्मेदारी दी गईं। लेकिन अगस्त 2018 में उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।