बीजेपी ने चुनावी राज्यों के प्रभारियों का किया एलान, धर्मेंद्र प्रधान यूपी और फडणवीस संभालेंगे गोवा की कमान

बीजेपी ने अगले साल होने वाले चुनावों के मद्देनजर नियुक्त किए अपने प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं, गजेंद्र सिंह शेखावत को पंजाब और प्रह्लाद जोशी को उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है

Publish: Sep 08, 2021, 07:04 AM IST

नई दिल्ली। अगले साल पांच राज्यों में होने वाले चुनावों के मद्देनजर अपने प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। बीजेपी ने अपने प्रभारियों और सह-प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दी गई है, जबकि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। 

इसके अलावा उत्तराखंड का प्रभार केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को दिया गया है। मणिपुर की जिम्मेदारी केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को दी गई है। जबकि जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के हाथों में पंजाब की कमान सौंपी गई है। 

बीजेपी ने इन प्रभारियों के साथ हर राज्य में सह-प्रभारियों की टीम की भी घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में धर्मेंद्र प्रधान की टीम में अनुराग ठाकुर, अर्जुन मेघवाल, सरोज पांडे, शोभा करंदलाजे, कैप्टन अभिमन्यु, अन्नपूर्णा देवी और विवेक ठाकुर को शामिल किया गया है। उत्तराखंड में प्रह्लाद जोशी की टीम में लॉकेट चटर्जी और आरपी सिंह को जगह दी गई है। 

पंजाब में हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी और विनोद चावड़ा को सह-प्रभारी बनाया गया है। मणिपुर में प्रतिमा भौमिक और अशोक सिंघल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं गोवा में जी किशन रेड्डी और दर्शन जर्दोश को टीम देवेंद्र फडणवीस में शामिल किया गया है। अगले साल इन पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पांच राज्यों में से चार राज्यों में इस समय बीजेपी की सरकार है। जबकि पंजाब में कांग्रेस सत्ता में है।