कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। सुबह के 9 बजे तक 18.39 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान की रफ्तार देख ऐसा लग रहा है कि दूसरे फेज में भी मतदान का नया रिकॉर्ड बनेगा। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं। राज्य में आज सेकेंड फेज की 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है।
हावड़ा के बाली में EVM में गड़बड़ी की बात को लेकर हंगामा हो गया। CRPF जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया। नादिया के छपरा में BJP एजेंट ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया।
2021 के विधानसभा चुनाव में TMC ने इन 142 में से 123 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पहले फेज की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को रिकॉर्ड 93 फीसदी मतदान हुआ था। चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे।
कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं। चुनाव के दूसरे चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। चुनाव आयोग ने बताया कि इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1, 57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, ऐसे में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्मीद की जा रही है। दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं। भवानीपुर सीट को नंदीग्राम की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी।