मुंबई। बीजेपी नेता निकला बांग्लादेशी घुसपैठिया। यह चौंकाने वाला मामला मुंबई में सामने आया है, जहां बीजेपी के एक नेता को पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठिया होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। रुबेल शेख नाम का यह शख्स उत्तरी मुंबई में बीजेपी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का अध्यक्ष रहा है। उसकी गिरफ्तारी से बीजेपी की खूब किरकिरी हो रही है। कांग्रेस ने तीखा हमला करते हुए पूछा है कि क्या यह बीजेपी का संघ जिहाद है?

राज्य के कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने इस मामले में बीजेपी को कटघरे में खड़ा करते हुए तीखा हमला बोला है। सचिन सावंत ने कहा है कि यह बीजेपी का संघ जिहाद है। सावंत ने कहा कि इससे पहले भी बीजेपी के नेता गौतस्करी करते पाए गए हैं और कुछ की पहचान ISI एजेंट के तौर पर भी हुई है। सावंत ने कहा कि इन हालात में बीजेपी को साफ करना चाहिए कि क्या नए नागरिकता कानून में उसने अपने नेताओं के लिए कुछ अलग प्रावधान रखे हैं? 

उत्तरी मुंबई में बीजेपी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रुबेल शेख पर बांग्लादेशी नागरिक होने के बावजूद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुद को भारतीय बताकर देश में रहने का आरोप है। शेख को मुंबई पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया है। रुबेल शेख फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। मुंबई पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। 

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक रुबेल शेख 2011 में भारत आया था। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत तमाम फर्जी दस्तावेज बनवा लिए। इसी दौरान उसने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता भी ले ली। जल्द ही उसने बीजेपी में इतनी अहमियत हासिल कर ली कि उसे उत्तरी मुंबई में  बीजेपी की माइनॉरिटी सेल का अध्यक्ष भी बना दिया गया। लेकिन अब उस पर लगे आरोपों की वजह से बीजेपी के लिए जवाब देना मुश्किल हो रहा है।