बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर का मुंबई में 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। ऋषि कपूर बीते दो वर्षों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। कपूर बीते एक हफ्ते से मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेसन अस्पताल में आईसीयू सपोर्ट पर थे। कई फिल्‍मों में उनके साथ अभिनय करने वाले अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर कहा, "वो चले गए...! ऋषि कपूर... गए... अभी उनका देहांत हुआ...मैं विध्वस्त हो गया हूं!"

बॉबी फिल्‍म से इंडस्‍ट्री में पदार्पण करने वाले ऋषि कपूर को साल 2018 में कैंसर हुआ था। इसके बाद वो इलाज के लिए न्यूयॉर्क गए थे। इलाज के सिलसिले में वो करीबन एक साल तक यहां पत्नी नीतू के साथ रहे। बीते साल सितंबर में इलाज के बाद वो मुंबई लौटे थे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऋषि कपूर के निधन पर दुख व्यक्त किया। राहुल गांधी ने लिखा कि ये हफ्ता भारतीय सिनेमा के लिए काफी दुख देने वाला है, एक और महान कलाकार ऋषि कपूर आज हमारे बीच से चले गए। एक शानदार अभिनेता, जो हर पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी थी।

अक्षय कुमार ने ट्वीट कर लिखा कि ऐसा लगता है कि हम एक बुरे सपने के बीच में हैं, ऋषि कपूर के जाने से बड़ा झटका लगा है। ये दिल तोड़ने वाला है। वो महान थे, एक शानदार दोस्त थे।

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऋषि कपूर के साथ तस्वीर साझा की। प्रियंका ने लिखा कि दिल भारी है क्योंकि आज एक सदी खत्म हो गई है।

"श्री 420" में दिखी थी पहली झलक

शो मेन कहे जाने वाले अभिनेता राज कपूर और कृष्णा कपूर के बेटे ऋषि कपूर की फिल्मों में पहली झलक फिल्म "श्री 420" में तब देखने को मिली जब वो मात्र तीन साल के थे। उन्होंने पहला प्रमुख किरदार राज कपूर द्वारा निर्देशित फिल्म "मेरा नाम जोकर" में निभाया। आरके फिल्म्स की "बॉबी" के बाद वो लोगों की दिलों की जान बन गए।

1970 से 1990 के वर्षों में वो बॉलीवुड के प्रमुख अभिनेताओं में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने "अमर अकबर एंथनी", "कूली", "कर्ज" और "चांदनी" जैसी सफल फिल्में कीं। ऋषि कपूर द्वारा हाल के वर्षों में कई गई फिल्में जैसे "अग्निपथ" और "कपूर एंड सन्स" जैसी फिल्मों के लिए याद किया जाएगा। उन्हें आखिरी बार फिल्म "द बॉडी" में देखा गया था।