कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज के पास एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। दरअसल उत्तर भारत में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिसकी वजह से दृश्यता बेहद कम है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कन्नौज के पास एक कार और ट्रक में टक्कर हो गई। इस हादसे में12 लोगों को गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। 

बताया जा रहा है कि कार सवार परिवार लखनऊ से मेहंदीपुर बालाजी दर्शन करने जा रहा था। तभी यह हादसा हो गया। कानपुर रेंज के आईजी से मिली जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार तड़के हुआ है। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार 6 यात्रियों की मौत हो गई है।

पुलिस का कहना है कि यह हादसा घने कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी बेदह कम हो जाने की वजह से हुआ है। हादसे की खबर पाकर पुलिस पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को कार से बाहर निकाला। 12 घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उत्तर भारत में कोहरे की वजह से ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को कम से कम 6 और गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं।