पटना। NEET पेपर लीक मामले में CBI एक्शन मोड में है। प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में सीबीआई की टीम ने पहली गिरफ्तारी की है। CBI ने मनीष प्रकाश और आशुतोष को पटना से गिरफ्तार किया है। दोनों ने ही पटना के प्ले एंड लर्न स्कूल को रात भर के लिए बुक कराया था। इसी स्कूल में 20 से 25 कैंडिडेट्स को इकट्ठा करके आंसर रटवाया गया। यहीं जली बुकलेट के टुकड़े मिले थे।
केंद्रीय जांच एजेंसी पिछले दो दिन से 11 लोगों से पूछताछ कर रही है। CBI ने बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) से 26 जून को यह केस अपने हाथ में लिया था। अब तक 5 राज्यों में पुलिस ने 27 से ज्यादा गिरफ्तारियां की हैं। अब CBI पूछताछ में जुटी हुई है और एजेंसी ने दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
CBI की टीम गुरुवार को दोपहर 1 बजे पटना की बेऊर जेल पहुंची। यहां आरोपी बलदेव कुमार उर्फ चिंटू और मुकेश कुमार का मेडिकल कराया और उन्हें 8 दिन की रिमांड पर लिया। बताया जा रहा है कि टीम दोनों को अलग-अलग लोकेशन पर ले जाकर पूछताछ करेगी। CBI ने 26 जून को चिंटू और मुकेश को कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद दोनों की 8 दिन की रिमांड मिली थी।
चिंटू NEET पेपर लीक के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया का रिश्तेदार है। दावा है कि चिंटू के मोबाइल पर ही पेपर आया था, जबकि मुकेश गाड़ी से कैंडिडेट्स को उस स्कूल में ले गया था, जहां सवालों के जवाब रटवाए गए थे।