नई दिल्ली। देशभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र ने चार राज्यों में हाई लेवल टीमें भेजी हैं। हिमाचल, पंजाब, यूपी और छत्तीसगढ़ में ये संक्रमण की रोकथाम के उपाय सुझाएंगी। टीमें राज्य सरकारों को कंटेनमेंट, निगरानी, टेस्टिंग और मरीजों के इलाज के बेहतर इंतजाम करने में मदद भी करेंगी। इससे पहले, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर में केंद्रीय टीमें भेजी जा चुकी हैं।

 पिछले 42 दिनों में दूसरी बार देश में कोरोना के एक्टिव केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को 599 एक्टिव मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके पहले गुरुवार को 343 और 2 अक्टूबर को 2,472 एक्टिव केस बढ़े थे। शनिवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1601 और राजस्थान में 1028 एक्टिव केस बढ़े। इसी के साथ हर दिन मिलने वाले एक्टिव केस के मामले में महाराष्ट्र एक बार फिर से टॉप पर पहुंच गया है। 

शनिवार को 24 घंटे के अंदर 44 हजार 906 लोग संक्रमित पाए गए। 43 हजार 797 लोग रिकवर हुए और 497 मरीजों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा राजधानी दिल्ली में 5879, केरल में 5772, महाराष्ट्र में 5760 मरीज मिले। गुजरात में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 1515 और राजस्थान में 3007 मामले सामने आए।

बिना मास्क नज़र आने वालों पर हो सख्ती : अनिल विज, गृह मंत्री हरियाणा 
उधर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कोरोना को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे पास बस दो ही रास्ते हैं या तो लॉकडाउन किया जाये या फिर सख्ती। कोरोना के हालातों को देखते हुए मैंने सख्ती करने का फैसला किया है। मैंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जो भी बिना मास्क के नजर आए उनके साथ सख्ती से पेश आएं।  बता दें कि केंद्र हरियाणा में भी अपनी टीम पहले ही भेज चुका है।  

कोरोना पर काबू पाने के लिहाज़ से दिल्ली सरकार ने भी मास्क न लगाने वाले लोगों के खिलाफ एक्शन लेना शुरू कर दिया है। मास्क न लगाने वालों को पहले 500 रुपए जुर्माना देना पड़ता था। जिसे अब सरकार ने 2000 रुपए कर दिया है। दिल्ली और हरियाणा दोनों ही जगहों पर कोरोना का कहर जारी है।