नई दिल्ली। कांग्रेस ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और उससे पहले कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस ने अपनी चुनाव समिति की घोषणा की है। जिसमें 16 नेताओं के नाम शामिल किया गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा इस समिति में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अम्बिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, मधुसूदन मिस्त्री, एन. उत्तम कुमार रेड्डी, टी एस सिंह देव, के जे जियोग्रे, प्रीतम सिंह, मोहम्मद जावेद, अमी याज्ञनिक, पीएल पुनिया, ओंकार मरकाम और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। मध्य प्रदेश से इसमें सिर्फ ओमकार मरकाम को ही शामिल किया गया है।

बता दें कि कांग्रेस ने देश के विपक्षी दलों को साथ लेकर इंडिया गठबंधन गठित किया है। मुंबई में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में सभी दलों ने एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया था। कांग्रेस ने केंद्र की ओर से बुलाए गए संसद के विशेष सत्र को लेकर रणनीति बनाने के लिए भी बैठक बुलाई है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने दिन में बताया था कि 18-22 सितंबर तक संसद के विशेष सत्र से पहले पार्टी मंगलवार शाम 5 बजे नई दिल्ली में 10 जनपथ पर संसदीय रणनीति समूह की बैठक करेगी। इसके बाद रात 8 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपने आवास पर समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों की बैठक भी करेंगे।