नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आज अचानक से हलचलें बढ़ गई है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया है। कांग्रेस दफ्तर की ओर जाने वाली सड़क पर सैंकड़ों की संख्या में पुलिसबल मौजूद हैं और इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है। उधर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आवास को भी पुलिस ने घेर लिया है।
इसी बीच राजधानी में पार्टी के दिग्गजों का आपात बैठक शुरू हो चुका है। बैठक में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की जा रही है। इस बैठक में वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश, मल्लिकार्जुन खड़गे और सुप्रीम कोर्ट के दिग्गज अधिवक्ता सलमान खुर्शीद मौजूद हैं।
कांग्रेस दफ्तर के बाहर पुलिस की तैनाती के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि, 'कांग्रेस मुख्यालय एवं 10 जनपथ को पुलिस छावनी बनाने की आज की कार्रवाई अघोषित आपातकाल है। नेशनल हेराल्ड (यंग इंडिया) के दफ्तर को जबरन सील कर दिया गया। एनडीए की इस तानाशाही सरकार के खिलाफ यदि कांग्रेसजनों के साथ आम जनता खड़ी नहीं हुई तो इसका खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ेगा। मीडिया इस अन्याय के खिलाफ एक शब्द बोलने की हिम्मत तक नहीं कर पा रहा है।'
कांग्रेस ने सोनिया और राहुल गांधी के घर के बाहर पुलिस के पहरे की कई तस्वीर शेयर किया है। इसके साथ ही लिखा कि, 'हमारी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी के घर के बाहर पुलिस का पहरा लगाकर तानाशाह हमारी आवाज़ दबाना चाहता है। मगर उन्हें सनद रहे...हम झुकेंगे नहीं, डरेंगे नहीं, जनता की आवाज़ उठाते रहेंगे।'
इसी बीच खबर आ रही है कि यूथ कांग्रेस ने देशभर के अपने कार्यकर्ताओं को तत्काल दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने सभी राज्यों के अध्यक्षों से कहा है कि वे सुबह तक भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचे। मध्य प्रदेश से सैंकड़ों की संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता आज रात दिल्ली कूच करेंगे। एमपी कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने इस बात की जानकारी दी है।