सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से मंगलवार को एक गंभीर और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भारतीय सेना में तैनात एक जवान ड्यूटी पर जाते समय रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। जवान वाराणसी से दिल्ली होते हुए मणिपुर स्थित अपनी रेजीमेंट में रिपोर्ट करने के लिए निकला था। लेकिन उसका सामान तो दिल्ली पहुंच गया है जबकि जवान खुद फ्लाइट में मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद परिवार से लेकर सेना की रेजीमेंट तक चिंता में है।

लापता जवान की पहचान सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पचोर निवासी शैलेश कुमार दुबे के रूप में हुई है। शैलेश कुमार दुबे पिता जीवन प्रकाश दुबे वर्तमान में भारतीय सेना की 4 महार रेजीमेंट में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग मणिपुर में है। वे 14 दिसंबर को बैढ़न स्थित अपने घर से ड्यूटी जॉइन करने के लिए रवाना हुए थे। लेकिन पिछले 24 घंटे से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

यह भी पढ़ें:IPL 2026 के ऑक्शन में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा, मंगेश को RCB ने 5.2 करोड़ में खरीदा

परिजनों और रेजीमेंट से मिली जानकारी के अनुसार शैलेश की पहली फ्लाइट 15 दिसंबर की सुबह 7 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए निर्धारित थी जो किसी कारणवश कैंसिल हो गई। इसके बाद उनकी दूसरी फ्लाइट सुबह करीब 9 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। फ्लाइट तय समय पर दिल्ली पहुंच तो गई लेकिन जब यात्रियों की जांच की गई तो पता चला कि जवान शैलेश कुमार दुबे उस फ्लाइट में सवार ही नहीं थे। लेकिन बावजूद इसके उनका पूरा सामान फ्लाइट से दिल्ली पहुंच चुका था।

यह भी पढ़ें:देवास में 11 साल के बेटे ने की पिता की हत्या, घरेलू हिंसा से था परेशान

जब तय समय पर जवान न तो दिल्ली पहुंचा और न ही मणिपुर स्थित रेजीमेंट में रिपोर्ट किया तो सेना की ओर से परिवार को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद परिजनों ने जवान से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार आउट ऑफ रीच आ रहा है। जवान के अचानक गायब होने से परिवार में गहरी चिंता और बेचैनी का माहौल है।

यह भी पढ़ें:सिडनी में यहूदियों पर फायरिंग करने वाले आतंकी निकले भारतीय, आखिरी बार 2022 में भारत आया था साजिद

परिवार ने जवान की गुमशुदगी को लेकर स्थानीय पुलिस से भी मदद की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को पूरी जानकारी दी है लेकिन अब तक जवान का कोई पता नहीं चल सका है। वहीं, रेजीमेंट की ओर से भी जवान की तलाश को लेकर आवश्यक स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।