नई दिल्ली। महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने अपने जनजागरण अभियान की घोषणा कर दी है। कांग्रेस की आंदोलन योजना समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में इस अभियान का एलान कर दिया गया। अभियान की घोषणा के साथ साथ कांग्रेस नेताओं ने इसकी रूपरेखा भी साझा की है। 

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मोदी सरकार की विफल नीतियों को जनमानस तक पहुंचाना है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ साथ आम जनता भी इस जनजागरण अभियान का हिस्सा बनेगी। दिग्विजय सिंह ने बताया कि इस अभियान में कांग्रेस नेता एक हफ्ते की पदयात्रा पर निकलेंगे और लोगों से अनेक समस्याओं पर चर्चा करेंगे। 

हालांकि कांग्रेस नेता ने बताया कि यह पदयात्रा जरूरी नहीं है कि लगातार सात दिनों की होगी। दिग्विजय सिंह ने बताया कि कांग्रेस के तमाम नेता अपने हिसाब से इन पंद्रह दिनों में सात दिन की पदयात्रा करेंगे। इस दौरान वे रात्रि विश्राम भी पदयात्रा की जगह पर ही करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस अभियान में महंगाई के साथ साथ बेरोजगारी और किसानों की समस्या पर भी चर्चा होगी। 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के संबोधन से पहले केसी वेणुगोपाल ने जनजागरण अभियान के बारे में मीडिया को बताया कि पदयात्रा हर सुबह 6 बजे प्रभातफेरी से शुरू होगी। इस दौरान हर पदयात्री गांधी टोपी पहने हुए होगा। बड़ी सभाओं के बजाय पदयात्री समूहों में जनता के साथ चर्चा करेंगे।

जनजागरण अभियान को सफल बनाने के लिए महाराष्ट्र के वर्धा में 12 से 15 नवंबर तक ट्रेनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनजागरण अभियान की शुरुआत से पहले 12 नवंबर को कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम एक सोशल मीडिया अभियान की शुरुआत करेगी। जनजागरण अभियान से जुड़ने के लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, जिस पर मिस कॉल के जरिए लोग खुद को रजिस्टर कर पाएंगे। इसके अलावा जनजागरण अभियान का एक लोगो भी जारी किया जाएगा, जो कि महात्मा गांधी के दांडी मार्च की तर्ज पर होगा। इसके अलावा महंगाई के मुद्दे पर पैम्फलेट भी जारी किया जाएगा, जिसमें महंगाई से जुड़े सवाल जवाब अंकित होंगे।