नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दे रही है। कांग्रेस ने सोमवार को इंदिरा फेलोशिप लॉन्च किया है। इसके तहत देशभर में महिलाओं को ब्लॉक स्तर पर फेलोशिप प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सियासत में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है।



कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की महिलाओं से इंदिरा फेलोशिप से जुड़ने का आह्वान किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'भारत वास्तव में तभी सफल होगा जब महिलाओं को हमारे समाज में समान स्थान मिलेगा। इंदिरा फ़ेलोशिप का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और राजनीति में बदलाव लाना है। उन्हें राजनीति में अपना उचित स्थान लेना चाहिए और भारत की नियति को आकार देना चाहिए - आधी आबादी, पूरा हक!'





बताया जा रहा है कि यह एक 9 महीने का फेलोशिप प्रोग्राम है। इस प्रोग्राम के तहत चयनित फेलो को मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा और उन्हें ब्लॉक स्तर पर काम करना होगा। फेलोशिप से जुड़ने के लिए Indirafellowship.in की वेबसाइट पर रजिस्टर किया जा सकता है। इंटरव्यू के आधार पर इसमें महिलाओं का चयन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी।



दरअसल, बेंगलुरु अधिवेशन में युवा कांग्रेस ने महिला सशक्तिकरण के लिए "Shakti Super SHE" अभियान लॉन्च किया था। इस अभियान के तहत ही इंदिरा फेलोशिप की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत देशभर में स्वतंत्रता दिवस पर महिलाएं झंडोतोलन करेंगी। युवा कांग्रेस के देशभर के कार्यक्रमों का नेतृत्व भी महिलाएं करेंगी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक अहम अभियान माना जा रहा है।