नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गंगा किनारे शवों को दफन किया गया है। दफन किए गए शवों की संख्या दो हज़ार के पार है। शवों को कुत्ते और चील नोंच खा रहे हैं। गंगा किनारे इस भयावह मंज़र पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। सुरजेवाला ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा है कि जो व्यक्ति कहता था कि उसे गंगा मैय्या ने बुलाया है, आज वो सिंहासन पर बैठकर ठहाके लगा रहा है। 



सुरजेवाला ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'चारों और बिखरी 2,000 लाशें,सिसकती ज़िंदगी-थमी हुई साँसे,और गँगा मैय्या के न थम रहे आँसु और चीत्कार।' सुरेजवाला ने पीएम मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवा पहन यू.पी की राजगद्दी ली,वो सत्ता के नशे में मदमस्त है,और..जो कहता था कि उसे गँगा मैय्या ने बुलाया है,वो दिल्ली के सिंहासन पर बैठ ठहाके लगा रहा।





दरअसल हिंदी के एक अख़बार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जगहों पर गंगा किनारे 2 हज़ार से ज़्यादा शवों को दफन किया गया है। यह सारा खेल इसलिए किया गया है ताकि प्रशासन की मदद से कोरोना से हो रही मौतों के आंकड़े को छिपाया जा सके। उन्नाव में सबसे ज़्यादा 900 से अधिक शव दफन हैं। कन्नौज में 350 तो कानपुर में 400 से ज़्यादा लाशें दफन हैं। प्रयागराज और मिर्ज़ापुर में 50 लाशें दफन हैं।