दिल्ली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर का असर साफ तौर पर नजर आने लगा है। बीते दो महीनों में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8 गुना बढ़ गया है। फरवरी की पहली तारीख को जो संख्या 8 हजार से ज्यादा थी, वह एक अप्रैल को बढ़कर 72,072 तक पहुंच गई है। देश में यह स्थिति चिंताजनक है। 12 प्रदेशों में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रफ्तार पकड़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में देश में 40,417 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। 458 मरीजों की मौत भी हुई है। 

भारत में कोरोना संक्रमितों का कुल आकंड़ा 1.22 करोड़ तक पहुंच गया है। वहीं 1.14 करोड़ कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। कोरोना से 1.62 लाख लोगों की मौत हुई है। कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या करीब 5.80 लाख हैं। बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र में 39,544 नए मरीज मिले, एक्टिव मरीजों की संख्या 3.56 लाख है। पंजाब में  2,944 नए मरीज मिले, 23,832 मरीजों का इलाज जारी है। गुजरात में एक्टिव मरीजों की संख्या 12,610 है। मध्यप्रदेश में 2332 मरीज मिले, 17,096 एक्टिव केस हैं। दिल्ली 1,819 नए केस मिले। 

इस बीच सरकार ने फैसला लिया है कि अप्रैल में रोजाना कोरोना वैक्सीनेशन किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को जारी निर्देश में कहा है कि सरकारी छुट्‌टी वाले दिनों में सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीनेशन का इंतजाम किया जाए। कोरोना की सेकंड वेव की वजह से यह फैसला लिया गया है। गौरतलब है कि अप्रैल महीने में शनिवार रविवार के अलावा कई छुट्टियां हैं। इन छुट्टियों की वजह से वैक्सीनेशन की स्पीड में कोई कमी ना आए इसके लिए छुट्टियों के दिन भी कोरोना वैक्सीन लगाने का फैसला लिया गया है।

वहीं दुनियाभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या करीब 129,610,640 हो गई है। वहीं इससे मरने वालों की संख्या 2,830,744 है। कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 104,510,903 है। विश्व के सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में अमेरिका, ब्राजील भारत, फ्रांस औऱ रूस हैं। दो महीने में विश्व के पांच देशों में कुल 8 गुना कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी है। अमेरिका में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 31,166,344 हो गया है। यहां अबतक कुल 565,256 मरीजों की मौत हो गई है। जबकि कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 23,673,462 है। ब्राजील में 12,753,258 मरीजों में कोरोना संक्रमण मिला है।

 कोरोना से मरने वालों की संख्या 321,886 है। कोरोना से 11,169,937 लोग रिकवर हो चुके हैं। कोरोना संक्रमित देशों में भारत तीसरे नंबर पर है, यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 12,221,665 तक पहुंच गई है। देश मे कोरोना से मरने वालों की संख्या 162,960 है, जबकि कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 11,472,494 है। वहीं फ्रांस में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4,644,423 तक पहुंच गया है। 95,640 लोगों की मौत, 294,638 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं पांचवे नंबर पर रूस है जहां कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 4,545,095 है, मरने वालों की संख्या 98,850 और कोरोना से रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या 4,166,172 है।