नई दिल्ली। देशभर में बढ़ते कोरोना के मामले एक बार फिर डराने लगे हैं। तीसरी लहर की आशंका के बीच भारत में पॉजिटिव केस में जबरदस्त उछाल दर्ज की गई है। 24 घंटे के भीतर देश में 47 हजार से ज्यादा नए मामले और 500 से ज्यादा मौतें दर्ज की गई है। दो महीनों के बाद कोरोना के सबसे ज्यादा नए केस दर्ज किए गए हैं। कोरोना के बढ़ते कहर ने एक्सपर्ट्स के साथ-साथ केंद्र सरकार की भी चिंताएं बढ़ा दी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 47,092 नए केस दर्ज किए गए हैं। वहीं इस दौरान 509 लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई है। रिकवर होने वालों की बात करें तो इनकी संख्या महज 35,181 है। बुधवार को नए केस का आंकड़ा 41 हजार 965 था साथ ही 460 लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान 33 हजार 964 संक्रमित ठीक भी हुए थे।

देश में एक्टिव मामलों की संख्या 3 लाख 89 हजार 583 हैं। मौजूदा समय में कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य केरल है। अकेले केरल से देश में आए कुल मामलों के 69.65 फीसदी केस सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर केरल में 32 हजार 803 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि 173 संक्रमितों की मौत हुई है।

संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र ने राज्यों को त्यौहारों को लेकर सतर्क करते हुए तमाम गाइडलाइंस सख्ती से पालन करवाने का निर्देश दिया है। उधर टीकाकरण अभियान में भी तेजी लाने पर जोर दी जा रही है। 1 सितंबर को देशभर में 81.09 लाख खुराक दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अबतक 66 करोड़ 30 लाख 37 हजार कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।