BJP मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई की गुंडागर्दी, महिला CEO को धमकाया

अलीराजपुर में भाजपा मंंत्री के भाई के गुंडागर्दी की खबर सामने आई है। उन्होंने कन्या विवाह योजना के फॉर्म निरस्त होने पर जनपद पंचायत की महिला CEO प्रिया काग को जिंदा गाड़ने की धमकी दी।

Updated: Apr 25, 2026, 03:53 PM IST

अलीराजपुर। मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई और भाजपा नेता इंदर सिंह चौहान पर जनपद पंचायत की महिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग को धमकाने, अभद्रता करने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कुछ आवेदनों को निरस्त किए जाने से नाराज इंदर सिंह चौहान जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और महिला अधिकारी के साथ बदसलूकी की। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 अप्रैल दोपहर करीब 3 बजे की है। प्रिया काग जब जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचीं तभी इंदर सिंह चौहान वहां पहुंचे और कन्या विवाह योजना के उन आवेदनों को लेकर नाराजगी जताने लगे जिन्हें नियमों के तहत निरस्त किया गया था। बताया गया कि जिन आवेदनों को खारिज किया गया था उनमें कुछ आवेदक पहले से विवाहित पाए गए थे। जिसके कारण उन्हें योजना के लिए अपात्र माना गया।

यह भी पढ़ें:MP में भीषण गर्मी का कहर, 20 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट, महीने के अंत में बारिश की उम्मीद

शिकायत में प्रिया काग ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए आवेदन निरस्त किए जाने की वजह बताई तो इंदर सिंह चौहान भड़क गए। उन्होंने कथित तौर पर महिला अधिकारी को धमकाते हुए कहा, “तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा।” आरोप है कि वह उन्हें मारने के लिए आगे बढ़े और जब प्रिया काग वहां से निकलने लगीं तो उनका रास्ता भी रोक लिया।

कार्यालय में मौजूद लेखाधिकारी सावन भिंडे समेत अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद प्रिया काग ने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह अपने कार्यस्थल पर खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

यह भी पढ़ें:हल्का पड़ा भाजपा विधायक का 250 किलो का हाथ, भाषाई त्रुटी के लिए खेद व्यक्त की

आलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर इंदर सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। हालांकि, वहां से उन्हें जमानत मिल गई।

इंदर सिंह चौहान का स्थानीय राजनीति में प्रभाव माना जाता है। उनकी पत्नी आलीराजपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष हैं। जबकि, उनके बड़े भाई नागर सिंह चौहान मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। मंत्री की पत्नी भी आलीराजपुर से सांसद हैं। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री नागर सिंह चौहान ने खुद को इस विवाद से अलग बताया। उन्होंने कहा, “मैं अपने भाई से बात नहीं करता। वह अलग रहता है और अपना काम करता है। वह किससे क्या बोल रहा है, यह वही जाने। कानून अपना काम करने के लिए स्वतंत्र है।” 

यह भी पढ़ें:MP: खंडवा में जानवरों की चर्बी से बन रहा था घी, दो आरोपी समेत 3,350 लीटर संदिग्ध माल जब्त

इस घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में जनप्रतिनिधियों और उनके परिजनों द्वारा अधिकारियों को लगातार धमकाया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने इसे महिलाओं के सम्मान और प्रशासनिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।