हल्का पड़ा भाजपा विधायक का 250 किलो का हाथ, भाषाई त्रुटी के लिए खेद व्यक्त की
मध्य प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। IPS को धमकाने वाले BJP विधायक प्रीतम लोधी ने सीएम के सामने खेद जताया है।
मध्य प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी, नेताओं और अफसरों के बीच टकराव और विरोध प्रदर्शनों को लेकर लगातार हलचल बनी हुई है। एक तरफ आईपीएस अधिकारी को धमकाने वाले भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी टिप्पणी पर खेद जताया है। वहीं, नारी सम्मान के मुद्दे पर सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। इसके अलावा मुरैना और ग्वालियर में पार्षदों के विरोध प्रदर्शन भी चर्चा में हैं।
आईपीएस अधिकारी को धमकाने और अपने मुक्के को ढाई सौ किलो का बताने वाले भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के तेवर अब बदले हुए नजर आए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सामने उन्होंने स्वीकार किया कि गुस्से में उनसे गलत शब्द निकल गए थे। विधायक ने कहा कि अगर उनकी बात से किसी अधिकारी को ठेस पहुंची है तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह भविष्य में भाषा को लेकर सावधानी बरतेंगे। हालांकि, उन्होंने इस पूरे मामले में जांच की मांग भी की है।
यह भी पढ़ें:MP: खंडवा में जानवरों की चर्बी से बन रहा था घी, दो आरोपी समेत 3,350 लीटर संदिग्ध माल जब्त
दूसरी ओर नारी सम्मान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सीएम मोहन यादव ने सागर के नरयावली में आयोजित सभा में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना कौरवों से कर दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह महाभारत काल में द्रौपदी के साथ अन्याय हुआ था उसी तरह लोकसभा में भी महिलाओं के सम्मान से जुड़ा बिल पास नहीं होने दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय कौरव थे और आज कांग्रेस है।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। पार्टी ने महिला कांग्रेस के प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प दिखाई दे रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितू पटवारी ने सवाल उठाया है कि क्या यही महिलाओं के सम्मान की बात है।
यह भी पढ़ें:पराली जलाने के मामले में MP नंबर वन, पिछले पांच साल में सामने आए 1 लाख से ज्यादा मामले
वहीं, अंबा में एक निर्दलीय पार्षद और नगर पालिका अधिकारी के बीच विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पार्षद एक मुद्दे को लेकर सीएमओ को ज्ञापन देने पहुंचे थे और अपने साथ प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भी लाए थे। उन्होंने अधिकारी पर काम नहीं करने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। जब अधिकारी ने चूड़ियां लेने से इनकार किया तो पार्षद ने कथित तौर पर जबरन उनकी शर्ट में चूड़ियां डाल दी। अधिकारी ने इस व्यवहार को अभद्रता बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्वालियर में भी पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस पार्षद विनोद उर्फ माठू यादव का विरोध प्रदर्शन सुर्खियों में रहा था। अपने वार्ड में जल संकट से नाराज पार्षद रात में पानी की टंकी पर पहुंच गए और शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान उन्होंने टंकी में कूदने की कोशिश भी की थी। सूचना मिलने पर नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पार्षद ने उन्हें घेर लिया और सख्त चेतावनी दी। बाद में प्रशासन ने तकनीकी खराबी दूर कर पानी आपूर्ति बहाल की जिसके बाद मामला शांत हुआ।
यह भी पढ़ें:राजस्थान की गर्म हवाओं से तप रहा MP, 11 जिलों में लू का अलर्ट, 27 अप्रैल से बारिश की संभावना




