नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश त्यागी को पद से निलंबित कर दिया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कुलपति को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। जिसके बाद प्रोफेसर पीसी जोशी को कार्यकारी कुलपति बनाया गया है। विश्वविद्यालय के निलंबित कुलपति पर प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। 

दरअसल पिछले हफ्ते दिल्ली विश्वविद्यालय में दो नियुक्तियों को लेकर विवाद हुआ था। लिहाज़ा योगेश त्यागी विवाद में फंस गए। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अनियमितता की जाँच के लिए कुलपति को निलंबित करने की सिफारिश राष्ट्रपति से की थी। जिसके बाद राष्ट्रपति ने कुलपति को जांच पूरी होने तक निलंबित करने का आदेश दिया है। 

शिक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को देते हुए बताया कि अगर योगेश त्यागी पद पर बने रहे तो वे जांच की प्रक्रिया में रुकावट डाल सकते हैं। लिहाज़ा कुलपति को जांच पूरी होने तक निलंबित किया जाता है।