एलन मस्क ने Twitter में कई बदलावों के बीच अब इसका नाम भी बदल दिया है। ट्विटर का नया नाम अब 'X' हो गया है। ट्विटर का डोमेन भी अब Twitter.com से X.com हो गया है। यदि आप x.com पर विजिट करते हैं तो यह आपको twitter.com पर रीडायरेक्ट करेगा। एलन मस्क ने भी इस संबंध में ट्वीट किया है।

Twitter के आधिकारिक हैंडल की प्रोफाइल फोटो भी X वाली हो गई है और नाम भी एक्स कर दिया गया है, हालांकि हैंडल अभी भी @twitter है, क्योंकि हैंडल को बदला नहीं जा सकता है। एलन मस्क ने ट्विटर मुख्यालय की एक फोटो शेयर की है जिसपर लेजर लाइट से X लोगो बनाया गया है।

मस्क ने अपनी प्रोफाइल इमेज भी बदलकर 'X' कर दी है। उन्होंने एक वीडियो भी पिन किया है, जिसमें ट्विटर का लोगो एक्स में बदलते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि X एक ऐसा प्लेटफॉर्म होगा जो सब कुछ डिलीवर कर सकता है। पेमेंट, बैंकिंग और ई-कॉमर्स जैसी सर्विसेज भी रहेंगी।

एलन मस्क का X लेटर से नाता साल 1999 से है। तब उन्होंने एक ऑनलाइन बैंकिंग कंपनी X.com बनाई थी। इसे बाद में एक अन्य कंपनी के साथ मर्ज कर दिया जो पेपाल बनी। साल 2017 में मस्क ने PayPal से यूआरएल "X.com" को फिर से खरीदा था। उन्होंने कहा था कि इस डोमेन का उनके लिए "बहुत भावुक मूल्य है।" उनकी एक और कंपनी spacex में भी एक्स की झलक दिखती है। उनकी नई AI कंपनी का नाम भी XAI है। 2020 में, मस्क ने अपने एक बेटे का नाम X Æ A-12 मस्क रखा था।