उस्मानाबाद। 21 सदी में भी महिलाओं पर अत्याचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में एक शक्की पति ने अपनी पत्नी का हाथ खौलते तेल में डलवा दिया। पति के इस बर्बरतापूर्ण बर्ताव की वजह उस कुप्रथा को बताया जा रहा है, जिसके तहत पारधी समुदाय में महिलाओं की पवित्रता का पता लगाने और सच बुलवाने के लिए उनसे उबलते तेल में हाथ डलवाया जाता है। ऐसी कुप्रथाओं का आज भी जारी रहना शर्मनाक है।

उस्मानाबाद में महिला के साथ हुए इस बर्ताव का मामला सामने आने के बाद महाराष्ट्र विधान परिषद की सभापति ने प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख से पति पर कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित महिला उस्मानाबाद के परंडा की रहने वाली है। जिसका पति ड्राइवर है। बीते दिनों महिला मायके जाने पर अड़ी थी, जिसे लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया था। पति उसे रोक रहा था, लेकिन महिला किसी को बताए बिना घर से निकल गई।

चार दिन बाद महिला जब पति के पास वापस लौटी तो उसने बताया कि मायके जाने के लिए बस का इंतजार करते वक्त दो लोगों ने उसे अगवा कर बंधक बना लिया था, लेकिन कोई गलत हरकत नहीं की। पति को उसकी इस बात पर भरोसा नहीं हुआ तो उसने पत्नी की अग्नि परीक्षा लेने का फैसला किया। शक्की पति ने पति ने उबलते तेल में 5 रुपए का सिक्का डाला और पत्नी से कहा कि उसे खौलते तेल में हाथ डालकर कढ़ाई से वह सिक्का बाहर निकालना होगा।

पारधी समुदाय में सच उगलवाने के लिए ईश्वर के नाम पर उबलते तेल से सिक्का निकालने की कुप्रथा है। ऐसा माना जाता है कि अगर सिक्का निकालने वाली महिला झूठ बोलेगी तो उसका हाथ जलेगा और तेल से आग निगलेगी। इसी कुप्रथा की वजह से महिला का पति उसकी अग्निपरीक्षा ले रहा था। महिला भी पति के दबाव में ऐसा करने के लिए तैयार हो गई और खौलते तेल वाली कढ़ाई में हाथ डाल दिया। पति ने खुद अपने मोबाइल से इसका वीडियो बनाया। उस वीडियो में पति की आवाज साफ तौर पर सुनी जा सकती है, जिसमें वह पत्नी के आचरण पर शक जाहिर कर रहा है।