नई दिल्ली। संसद से पारित हो चुके कृषि विधेयकों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा 25 सितंबर को बुलाए गए भारत बंद का असर पूरे देश में देखने को मिला। 200 से अधिक किसान संगठनों ने इसमें हिस्सा लिया। आंदोलन केवल पंजाब और हरियाणा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुजरात से लेकर त्रिपुरा, दिल्ली, राजस्थान, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में भी किसानों ने भारी संख्या में प्रदर्शन किया। किसानों ने जगह-जगह रेल रोको और चक्का जाम जैसे अभियान चलाए। विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण ही रहा। किसानों ने कानून व्यवस्था और आम लोगों को कोई परेशानी ना हो इस बात का खास ध्यान रखा। 



विपक्षी दलों ने भी किसानों का साथ दिया। कांग्रेस पार्टी सुबह से ही मुखर रही और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मोदी सरकार पर किसानों का गला घोंटने और उन्हें गिरवी रखने के आरोप लगाए। बिहार में राजद और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने प्रदर्शन किए। वामपंथी दलों ने पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, राजस्थान और दिल्ली में प्रदर्शन किए। तमिलनाडु में डीएमके ने किसानों का साथ दिया। टीएमसी ने भी कोलकाता में प्रदर्शन किया। पंजाब में बीजेपी के सहयोगी दल अकाली दल ने भी विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व किया। इस बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के लिए काम किया है और पुरानी सरकारों ने किसानों को केवल उलझा कर रखा। 



इस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति,  अखिल भारतीय किसान महासंघ और भारतीय किसान यूनियन ने किया था। इस प्रदर्शन के बाद इन संगठनों ने आगे की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। 



राहुल गांधी ने की किसानों से बात



05:40 PM By Humsamvet



किसानों के विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किसानों से बात की। उन्होंने कहा कि किसानों को अब मोदी सरकार पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं रह गया है और आज पूरा देश किसान भाइयों के साथ मिलकर कृषि कानूनों का विरोध कर रहा है।



 





किसानों के समर्थन में ट्विटर ट्रेंड #5बजकर25मिनट



05:28 PM By Humsamvet



किसानों के समर्थन में ट्विवटर पर '5 बजकर 25 मिनट' का ट्रेंड चलाया जा रहा है। ऐसे ही कुछ ट्रेंड बेरोजगारों के समर्थन में भी चल चुके हैं, जिनके बाद केंद्र सरकार से लेकर यूपी सरकार को युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा करनी पड़ी थी। इस ट्रेंड पर अब तक 53 हजार से अधिक ट्वीट हो चुके हैं। इस हैशटैग के साथ यूजर यह भी शपथ ले रहे हैं कि वे कभी भी बीजेपी को वोट नहीं देंगे।



सुखबीर बादल: हरसिमरत के इस्तीफे ने मोदी को हिला दिया



05:10 PM By Humsamvet



केंद्र में मोदी सरकार के सहयोगी अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल ने अब केंद्र सरकार के खिलाफ पूरी तरह से मोर्चा खोल दिया है। किसानों के साथ देते हुए सुखबीर बादल ने अपनी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर के साथ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विधेयकों के खिलाफ हरसिमरत का मंत्री पद से इस्तीफा देना जापान पर अमेरिका द्वारा गिराए गए परमाणु बम के जैसा था। बादल ने कहा कि इस्तीफे ने मोदी सरकार को हिला दिया है। 



 





एक साथ प्रदर्शन कर सकते हैं हरियाणा-पंजाब के किसान



04:35 PM By Humsamvet



हरियाणा में किसानों का जोरदार प्रदर्शन जारी है और अब पंजाब एवं हरियाणा के किसान मिलकर विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं। वे एक साझा योजना बनाकर इन विधेयकों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कर रहे हैं। किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते पंजाब पूरी तरह से बंद रहा।



पंजाब में जारी है विरोध प्रदर्शन



04:20 PM By Humsamvet



पंजाब में किसानों का विरोध प्रदर्शन अभी भी जारी है। राज्य के कई जिलों में किसानों ने चक्का जाम कर रखा है।





पश्चिम बंगाल में वामपंथी दलों का प्रदर्शन



04:02 PM By Humsamvet



संसद से पारित हो चुके नए कृषि विधेयकों के विरोध  में पूरे पश्चिम बंगाल में वामपंथी दलों ने प्रदर्शन किया। लेफ्ट पार्टियों ने एक बार फिर से किसानों के अधिकार और भारतीय संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात दोहराई। प्रदर्शनों में सीपीएम, सीपीआई और आरएसपी से जुड़े किसान संगठनों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।



 





बिहार में विपक्षी दलों ने किया प्रदर्शन



03:50 PM By Humsamvet



किसानों के भारत बंद को समर्थन देते हुए बिहार में विपक्षी दलों ने बिहार के गया में प्रदर्शन किया।



 





सुरजेवाला: किसानों का गला घोंटा जा रहा है



03:25 PM By Humsamvet



कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार किसानों का गला घोंट रही है, उनसे उनकी रोजी रोटी छीन रही है। सुरजेवाला ने कहा कि एक तारफ जहां सरकार सड़कों पर किसानों को चुप करा रही है, वहीं संसद में उनके नुमाइंदों की आवाज दबा रही है। 





महाराष्ट्र सरकार राज्य में लागू नहीं करेगी कृषि कानून



03:00 PM By Humsamvet



किसानों के विरोध प्रदर्शन के बीच महाराष्ट्र सरकार ने संसद से पारित हो चुके नए कृषि विधेयकों को लागू ना करने के संकेत दिए हैं। गठबंन सरकार के नेताओं ने इन्हें किसान विरोधी बताया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने कहा है कि वे विधेयकों का अध्ययन करेंगे और राज्य में इन्हें लागू नहीं करेंगे। 



तमिलनाडु: इंसानी खोपड़ियों के साथ किसानों का प्रदर्शन



02:40 PM By Humsamvet



तमिलनाडु के किसान इंसानी खोपड़ियों के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने त्रिची में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने खुद को जंजीरों से जकड़ लिया। यह दिखाने के लिए कि नए कानून किसानों को इसी तरह जकड़ लेंगे।



 





कांग्रेस: मंडी व्यवस्था और MSP खत्म करना चाहती है सरकार



02:30 PM By Humsamvet



प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिसिया कार्रवाई की खबरों के बीच कांग्रेस ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि बीजेपी सरकार ना केवल मंडी व्यवस्था बल्कि एमएसपी भी खत्म करना चाहती है और ये काले कानून बिचौलियों को लूट की खुली आजादी देंगे।



 





किसानों पर शुरू हुई पुलिसिया कार्रवाई



02:15 PM By Humsamvet



संसद से पारित हो चुके कृषि विधेयकों के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर अब पुलिसिया कार्रवाई की खबरें आने लगी हैं। सुबह से शुरू हुआ यह आंदोलन अभी तक शांतिपूर्ण ही रहा है। 



 





हरियाणा में जोर पकड़ रहा है आंदोलन



02:00 PM By Humsamvet



हरियाणा में किसानों का विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। रोहतक में किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।





वामपंथी संगठनों ने खोला मोर्चा



01:48 PM By Humsamvet



किसानों और मजदूरों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों का लगातार विरोध कर रहे वामपंथी दल बढ़-चढ़कर भारत बंद में हिस्सा ले रहे हैं। सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने ट्विवटर पर इन प्रदर्शनों की तस्वीरें डालीं। वामपंथी किसान संगठनों ने दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, पंजाब इत्यादि राज्यों में प्रदर्शन किए। 10 केंद्रीय मजदूर संगठनों ने भी किसानों का साथ दिया।



 





जब तक दुखी किसान रहेगा, धरती पर तूफान रहेगा



01:37 PM By Humsamvet



किसानों का विरोध प्रदर्शन अब जोर पकड़ता जा रहा है। रमनदीप सिंह मान कहते हैं कि अब जबकि किसानों के सामने उनकी रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है, उसके बाद भी उनका विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। केंद्र सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। 



 





भारत बंद पर विशेष चर्चा



01:30 PM By Humsamvet



किसानों के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन पर देखिए विशेष चर्चा।



 





संयम के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं किसान



01:20 PM By Humsamvet



विरोध प्रदर्शन करते हुए किसान कानून व्यवस्था और आम लोगों को कोई परेशानी ना हो इस बात का खास ध्यान रख रहे हैं। पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों ने रास्ता ब्लॉक कर दिया था, लेकिन एंबुलेंस के आते ही उन्होंने अपने ट्रैक्टर हटा लिए।



 





कांग्रेस: लोकतंत्र को नष्ट कर रही है मोदी सरकार



01:10 PM By Humsamvet



कांग्रेस पार्टी ने कहा कि बीजेपी सरकार देश को एक कंपनी की तरह चला रही है। सड़क पर विरोध कर रहे किसानों को रोका जा रहा है और संसद के भीतर विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था से चुनी हुई सरकार लोकतंत्र को नष्ट कर रही है। 



 





सुरजेवाला: मोदी सरकार ने किसानों को गिरवी रख दिया



01:05 PM By Humsamvet



कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने किसानों के भारत बंद को समर्थन देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों को पूंजीपतियों के यहां गिरवी रख दिया है और देश की हरित क्रांति पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और देशवासी मिलकर किसानों के लिए लड़ेंगे। 



 





राहुल ने कहा- किसानों को गुलाम बनाएंगे कानून



12:40 PM By Humsamvet



कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गलत जीएसटी ने एमएमएमई को बर्बाद कर दिया, उसी तरह ये नए कृषि कानून किसानों को गुलाम बनाएंगे।



 





मोदी बोले- हमने किसानों के लिए काम किया



12:30 PM By Humsamvet



किसानों के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री का बयान आया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के लिए बड़े सुधार किए हैं, जबकि पिछली सरकारों ने किसानों को केवल उलझा कर रखा। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से किसानों से कनेक्ट होने के लिए कहा। 



भारतीय किसान यूनियन ने दिल्ली-नोएडा हाइवे ब्लॉक कर दिया है। किसान राष्ट्रीय राजधानी की सीमा पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके चलते दिल्ली के बॉर्डर पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है। 



 





किसानों का विरोध प्रदर्शन केवल पंजाब और हरियाणा तक सीमित नहीं है। किसानों ने बेंगलुरू के मैसूर बैंक सर्किल के पास भी विरोध प्रदर्शन किया। 



 





पंजाब में किसानों का हुजूम गाते-बजाते रैली निकाल रहा है।



 





वीडियो से समझिए किसान क्यों कर रहे हैं विरोध प्रदर्शन। 





कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बंद का समर्थन करते हुए कहा है कि किसानों से एमएसपी छीन ली जाएगी। उन्हें कांट्रेक्ट फार्मिंग के जरिए खरबपतियों का गुलाम बनने पर मजबूर किया जाएगा। न दाम मिलेगा, न सम्मान। किसान अपने ही खेत पर मजदूर बन जाएगा। भाजपा का कृषि बिल ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है। हम ये अन्याय नहीं होने देंगे।





मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार में किसानों का प्रदर्शन सुबह से ही शुरू हो गया। हाजीपुर में बंद का खासा असर दिखाई दे रहा है। प्रदर्शनकारियों ने गांधी सेतु के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जाम लगाया और आगजनी की। सड़कों पर टायर जलाकर बंद समर्थक नारेबाजी करते हुए दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों ने गांधी सेतु के पास कृषि विधेयकों के विरोध में बैनर पोस्टर के साथ नारेबाजी की। पप्पू यादव की पार्टी के समर्थकों ने सड़क पर आगजनी की और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। जिससे गाड़ियों की रफ्तार थम गई और राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।



तेजस्वी यादव ने चलाया ट्रैक्टर 



कृषि विधेयकों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पटना में ट्रैक्टर चलाया। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के अनुसार राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि सरकार ने अपने फंडदाता के ​जरिए अन्नदाता को कठपु​तली बनाने का काम किया है। ये बिल पूरी तरह किसान विरोधी हैं। इस सरकार ने ऐसा कोई भी सेक्टर छोड़ने का काम नहीं किया जिसका इन्होंने निजीकरण न किया हो। विधेयक में कहीं भी एमएसपी का जिक्र नहीं है।





अमृतसर में पुलिस बल तैनात



किसानों के भारत बंद का सबसे ज़्यादा असर पंजाब में दिखाई देना है। आंदोलन को देखते हुए अमृतसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सबसे बड़ी आपत्ति



नए विधेयकों को लेकर किसान संगठनों और विपक्ष की सबसे बड़ी आपत्ति न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर है। इन विधेयकों में कहीं भी इसका जिक्र नहीं है। हालांकि, सरकार का कहना है कि एमएसपी पर फसलों की खरीददारी होती रहेगी। किसान संगठन और विपक्ष संसद से पारित हो चुके इन विधेयकों को किसान विरोधी बता रहे हैं। 



पंजाब और हरियाणा



पंजाब और हरियाणा में किसानों का नेतृत्व किसान मजदूस संघर्ष समिति कर रही है। 25 सितंबर के लिए समति ने किसानों से रेल रोको अभियान चलाने को कहा है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने किसानों से कानून व्यवस्था अपने हाथ में ना लेने की अपील की है। साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का भी पालन करने के लिए कहा है। धारा 144 के उल्लंघन पर कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी। 



केंद्र में बीजेपी के सहयोगी अकाली दल ने भी किसानों के समर्थन में चक्का जाम की घोषणा की है। वहीं भारतीय किसान यूनियन ने हाइवे ब्लॉक करने को कहा है। 



दिल्ली और उत्तर प्रदेश 



दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस किसानों का समर्थन कर रहे हैं। किसान संगठनों ने राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। उत्तर प्रदेश में भारतीय किसान यूनियन रास्ता रोको अभियान चलाने को कहा है। प्रदेश में किसानों को व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। 



पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र



पश्चिम बंगाल में वामपंथ से जुड़ा ऑल इंडिया किसान सभा सड़क और हाइवे ब्लॉक करके प्रदर्शन करेगा। राज्य में खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों का एक संगठन पश्चमि बंगा खेत मजदूर समिति ने भी बंद को समर्थन दिया है। महाराष्ट्र में भी ऑल इंडिया किसान सभा अपने करीब तीन लाख सदस्यों के साथ राज्य के 21 जिलों में विरोध प्रदर्शन करेगा। 



Click: P Sainath Asks Modi: किसानों से किए वादे निभाए सरकार, MSP और कर्जमाफी का बिल लाए तो नहीं होगी तकरार



केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक



केरल में संयुक्त कृषक समिति सरकारी दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन का आयोजन करेगी। राज्य में करीब 250 केंद्रो पर प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। तमिलनाडु और कर्नाटक में भी किसान संगठनों ने बंद को समर्थन दिया है। इन दोनों राज्यों में किसानों को टैक्सी और लॉरी ड्राइवरों का भी समर्थन मिला है।